Skip to content

अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई पिकअप वाहन,तीन की हालत गंभीर…

कोरबा/कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में सुबह सवेरे मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई,अचानक हुए इस हादसे में 9 मजदूर घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, वाहन में 12 से अधिक मजदूर सवार थे।

मिली जानकारी के अनुसार रजगामार के दरगा गांव के मजदूर गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे, बनखेता गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन चालक का नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सड़क किनारे पलटकर पेड़ से टकरा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई,हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई,वही वाहन के नीचे दबे मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे,और सभी ने मिलकर पिकअप को सीधा किया और उसके नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकाला।

सूचना मिलने पर रजगामार चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया,हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूरों में दरगा निवासी उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी शामिल हैं, अन्य घायल मजदूरों का भी अस्पताल में इलाज जारी है।

घायल सविता ने बताया कि वे सुबह गांव से पिकअप में सवार होकर मजदूरी के लिए निकले थे, तभी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया,आपको बता दें कि गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में आसपास के गांवों के कई मजदूर कार्यरत हैं।

ठेकेदार मजदूरों के आने-जाने के लिए पिकअप वाहनों की व्यवस्था करता है, बताया जा रहा है कि इन वाहनों में अक्सर क्षमता से अधिक मजदूर बैठाए जाते हैं,प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और उनका हालचाल लिया गया,मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।