कोरबा/कोरबा जिले में उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भैसामुड़ा में पति-पत्नी के बीच शराब को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया,दरअसल 19 जुलाई कि देर रात नशे की हालत में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर मौत के घाट उतार दिया,
हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी पूरी रात पत्नी के शव के पास बैठा रहा और दूसरी सुबह खुद गांव वालों को जाकर बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है,सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया,

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अगहन बाई धनवार के रूप में हुई है,वह मूल रूप से मड़वारानी गांव की रहने वाली थी और पिछले कुछ दिनों से अपने पति परदेसी धनवार के साथ अपने मामा के गांव भैसामुड़ा में रह रही थी, दोनों मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
बताया जा रहा है कि रविवार रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी,बची हुई शराब पत्नी द्वारा पी लेने पर पति नाराज हो गया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया,देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि नशे में धुत परदेसी धनवार ने डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया,
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कमरे में दौड़ा-दौड़ाकर पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग के साथ भी आरोपी ने मारपीट कर दी, जिसके बाद वह जान बचाकर वहां से भाग गए,
घटना के बाद कमरे में चटाई, दीवार और फर्श पर खून बिखरा मिला,पुलिस ने घटनास्थल से टूटा हुआ डंडा भी बरामद किया है, सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पत्नी की मौत के बाद आरोपी रातभर शव के पास ही बैठा रहा,
सुबह उसने खुद गांव वालों को हत्या की जानकारी दी,ग्रामीणों ने तत्काल उरगा थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे,पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है,
आरोपी परदेसी धनवार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है,थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा मामले की वैधानिक कार्रवाई जारी है।




