कोरबा/कोरबा जिले के बहुचर्चित राज ज्वेलर्स, छुरी लूट प्रयास मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है,मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है जिसकी तलाश जारी है,
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इस्तेमाल किया था,तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके हैं,

दरअसल 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे राज ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल दुकान में अकेले थे,इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से तीन लोग ग्राहक बनकर पहुंचे,तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जिनमें एक आरोपी महिला के भेष में था,

आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठी दिखाने को कहा जैसे ही दुकानदार काउंटर पर पहुंचे, एक आरोपी ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा उनकी छाती पर तान दिया, आरोपियों ने आंखों में मिर्च पाउडर डालने का प्रयास किया और आभूषण बैग में भरने लगे।
इसी दौरान बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिससे घबराकर आरोपी मौके से भाग निकले, भागते समय वे चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टा घटनास्थल पर ही छोड़ गए, घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
साइबर विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की, जांच के दौरान पुलिस ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई क्षेत्रों में दबिश दी,
पुलिस ने गोपाल सिंह गोंड और परदेशी राठिया को गिरफ्तार कर लिया, जबकि विष्णु प्रसाद राठिया अभी फरार है,पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में जेल की सजा काट चुके हैं।
जेल में ही तीनों की दोस्ती हुई और रिहा होने के बाद उन्होंने लूट की योजना बनाई, इसके लिए चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे की व्यवस्था कर राज ज्वेलर्स को निशाना बनाया,दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।




