कवर्धा /कवर्धा जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया है, जहाँ खुशियों भरा सफर अचानक मातम में बदल गया, पंडरिया में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया,

पांडातराई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गंडई नदी के पास अनियंत्रित होकर एक टाटा टियागो कार (क्रमांक CG 10 AS 1082) सीधे पुल के नीचे नदी में जा गिरी जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है और इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि दो अन्य सदस्यों की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर रात रायपुर के बीरगांव निवासी मुस्लिम परिवार के 6 युवक कार में सवार होकर पंडरिया में एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी रास्ते में गंडई नदी के पुल पर कार की रफ्तार तेज होने के कारण अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार सीधे नीचे जा गिरी।
नदी में गिरी कार और उसमें फंसे तड़पते लोगों को देखकर हर कोई सन्न रह गया लेकिन रात का अंधेरा और नदी के तेज बहाव के चलते राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं, जहाँ एक शव तो नदी में लगभग 10 फीट दूर बहकर मिला जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
पांडातराई थाना प्रभारी कमलाकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा घायलों को बाहर निकालकर सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है, इस दर्दनाक हादसे में अरमान अली , मोहम्मद सैफ , अनस अली और कौनैन की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं जुनेद रजा और आरजु खान गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है और पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना देकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





