Skip to content

बालको के 111 नंद घरों में संवर रहा बच्चों का भविष्य, शिक्षा और पोषण को मिल रही नई मजबूती

खेल-खेल में सीख रहे बच्चे, माताओं को मिल रही पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी; अब तक 7 हजार से अधिक लोग हुए लाभान्वित

कोरबा/बालको, 14 नवंबर 2026। बच्चों को बेहतर शिक्षा, पौष्टिक आहार और स्वस्थ वातावरण मिले तो उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार होती है। इसी उद्देश्य के साथ भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा छत्तीसगढ़ में संचालित 111 नंद घर ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के सर्वांगीण विकास और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को नई दिशा दे रहे हैं। खेल-आधारित शिक्षा, पोषण जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के माध्यम से ये केंद्र बच्चों के बचपन को संवारने के साथ परिवारों में भी सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।

नंद घरों में बच्चों को खेल और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अक्षर ज्ञान, अंग्रेजी के सामान्य शब्द, वर्णमाला और गिनती जैसी बुनियादी शिक्षा दी जा रही है। इसके साथ ही पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाकर बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को भी संतुलित आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और बेहतर पोषण संबंधी जानकारी दी जा रही है।

नंद घर जाने के लिए खुद उत्साहित रहता है बच्चा

दोंद्रो निवासी निशा यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनका बेटा नंद घर में नई-नई चीजें सीख रहा है। अब वह सुबह स्वयं उठकर नंद घर जाने के लिए उत्साहित रहता है। यहां उसे दूसरे बच्चों के साथ खेलने, सीखने और घुलने-मिलने का अवसर मिलता है। पौष्टिक भोजन मिलने से उसकी अच्छी आदतों का भी विकास हो रहा है। उन्होंने अन्य माताओं से भी अपने बच्चों को नंद घर भेजने की अपील की, ताकि उन्हें शिक्षा, खेल और बेहतर पोषण का लाभ मिल सके।

बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाने में मिल रही मदद

शासकीय प्राथमिक पाठशाला की सहायक शिक्षिका ममता चौहान ने नंद घर की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने का सराहनीय प्रयास है। यहां रचनात्मक गतिविधियों के जरिए बच्चे अक्षर ज्ञान, अंग्रेजी के शब्द, वर्णमाला और गिनती सीख रहे हैं। इससे उनकी समझने और नई चीजें अपनाने की क्षमता विकसित हो रही है। नंद घर बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करने और पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

पोषण जागरूकता से मजबूत हो रहा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य

पोषण विशेषज्ञ अंजू यादव ने कहा कि स्वस्थ बच्चों और सशक्त महिलाओं से ही मजबूत समाज का निर्माण संभव है। बालको द्वारा नंद घरों के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना सराहनीय पहल है। टेक-होम राशन (टीएचआर) के पोषण लाभों की जानकारी देने के साथ घर पर इससे पौष्टिक आहार तैयार करने के तरीके बताना भी उपयोगी है। उन्होंने कहा कि कुपोषण से लड़ने के लिए सही जानकारी और खानपान की आदतों में सकारात्मक बदलाव बेहद जरूरी हैं। नंद घर इस दिशा में माताओं और परिवारों को जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।

111 नंद घरों से 7 हजार से अधिक लोगों को लाभ

बालको के 111 नंद घरों के माध्यम से अब तक 7,000 से अधिक बच्चों और माताओं को लाभान्वित किया जा चुका है। प्रारंभिक शिक्षा, पौष्टिक आहार और स्वास्थ्य जागरूकता के जरिए यह पहल ग्रामीण समुदाय में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रही है। बच्चों में सीखने की जिज्ञासा विकसित करने से लेकर माताओं को बेहतर पोषण के प्रति जागरूक बनाने तक, नंद घर शिक्षा और स्वास्थ्य के महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहे हैं। बालको की यह पहल सुपोषित बचपन, स्वस्थ मातृत्व और शिक्षित पीढ़ी के निर्माण की दिशा में सार्थक कदम साबित हो रही है।