सक्ती /फर्जी SBI बैंक संचालित कर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के तीन और फरार आरोपियों को सक्ती पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, मामले में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसबीआई क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी, कि ग्राम छपोरा में कुछ लोगों द्वारा फर्जी SBI बैंक संचालित किया जा रहा है,आरोपियों ने बैंक में कैशियर पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर कई युवाओं से रकम वसूली और उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र भी जारी किए।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने छह लोगों से कुल 7 लाख 71 हजार 800 रुपये लेकर ठगी की थी, शिकायत के आधार पर थाना मालखरौदा में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई, प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में अनिल भास्कर, नरेंद्र साहू, हीरा दिवाकर उर्फ कुणाल दिवाकर, टुकेश्वर दास महंत, सुभद्रा महंत तथा पंकज टंडन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था,वहीं शेष फरार आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में अभियोग पत्र भी प्रस्तुत किया गया था,
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा के निर्देश पर फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी, इसी क्रम में पुलिस ने तीन फरार आरोपियों—मंथिर दास (32 वर्ष), रेखा साहू (35 वर्ष) एवं मिलन साहू (26 वर्ष) को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है,
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने फर्जी बैंक संचालन और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की,इसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण राजपूत, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक चंद्र प्रकाश कंवर तथा थाना मालखरौदा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




