Skip to content

पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार,प्रदेश में अभी से लू जैसे बन गए हालात…

रायपुर /छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर अब अपने चरम पर पहुँचने को तैयार है और आने वाले दिनों में राहत के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं,भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने ताजा रिपोर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है, कि 15 मई से पूरे प्रदेश में गर्म हवाओं यानी लू का प्रभाव तेजी से बढ़ेगा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो सकता है।

विशेष रूप से मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के मैदानी इलाकों में तापमान पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ सकता है,रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर जैसे शहरी संभागों में कंक्रीट के विस्तार और भारी शहरीकरण के कारण रात के तापमान में भी भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे लोगों को रात में भी चैन नहीं मिल रहा है।

अगले 48 घंटों के भीतर इन क्षेत्रों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुँचने का अनुमान है, वहीं दूसरी ओर, सरगुजा, रायगढ़ और जशपुर जैसे उत्तरी जिलों में उत्तर की ओर से आने वाली शुष्क हवाओं ने उमस और तपिश को और अधिक बढ़ा दिया है, जिससे यहाँ रहने वाले लोगों के लिए दोपहर में घर से निकलना दूभर हो गया है।

आमतौर पर शांत रहने वाले बस्तर संभाग में भी इस बार सूरज की तपिश साफ तौर पर महसूस की जा रही है और दंतेवाड़ा व सुकमा जैसे जिलों में तापमान सामान्य से 3 डिग्री ऊपर बना हुआ है, 25 मई से शुरू होने वाले ‘नौतपा’ के लिए अभी समय शेष है, लेकिन वायुमंडल में नमी की भारी कमी और पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने के कारण प्रदेश में अभी से लू जैसे हालात बन गए हैं।