उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर में निर्माणाधीन फोरलेन पर एक बेहद दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया,गुलरिहा थाना क्षेत्र के भटहट कस्बे के पास डिवाइडर पर सो रहे एक मजदूर की मिट्टी में दबकर मौत हो गई,
दूसरी सुबह जब मजदूर और मशीनें डिवाइडर की मिट्टी समतल कर रही थीं, तभी मिट्टी के ढेर से बाहर निकला एक हाथ देखकर लोगों के होश उड़ गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैकहो लोडर की मदद से मिट्टी हटवाई गई, जहां नीचे से एक मजदूर का शव बरामद हुआ,मृतक की पहचान देवरिया निवासी मिंटू पुत्र जनार्दन के रूप में हुई,
शव के पास मिले झोले में रोटी-सब्जी, देसी शराब का पाउच, हरी मिर्च, चिलम, मोबाइल चार्जर और शॉल मिली,जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह रात में वहीं डिवाइडर पर सो गया था।

आशंका है कि देर रात मिट्टी लेकर पहुंचे डंपर चालक को इसकी भनक नहीं लगी और उसने मिट्टी सीधे उसके ऊपर उड़ेल दी, जिससे मजदूर जिंदा ही मिट्टी में दब गया,कुछ देर बाद पत्नी नीता देवी अपने दो बच्चों के साथ मौके पर पहुंची और शव की पहचान करते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है, इस हादसे ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा और लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।




