आगरा /उत्तर प्रदेश के आगरा से एक सनसनीखेज घटना ने सबको चौंका दिया है. सिकंदरा थाना इलाके में हुए इस मामले में, साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाली एक पत्नी पर अपने पति की हत्या कर उसकी लाश बाथरूम में दफनाने का आरोप है.
घटना के मुताबिक, 26 मई 2026 को सिकंदरा थाने में उसकी पत्नी और परिवार के दूसरे लोगों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.इसके बाद पुलिस लापता आदमी की तलाश करती रही, लेकिन जब घटना की सच्चाई सामने आई तो पुलिस भी हैरान रह गई.

आरोप है कि पति की हत्या करने के बाद पत्नी ने लाश को बाथरूम में बने एक गड्ढे में दफना दिया और नया प्लास्टर लगाकर घटना को छिपाने की कोशिश की.पुलिस जांच में पता चला है कि रूबी ने अपने पति सुरेंद्र शर्मा की हत्या की साजिश रची थी.
शुरुआती जांच के मुताबिक, रोजाना के झगड़े और मारपीट से तंग आकर उसने यह कदम उठाया. आरोप है कि उसने अपने पति को 15 से 20 नींद की गोलियां दीं, जिससे उसकी मौत हो गई. फिर उसने घर के बाथरूम में गड्ढा खोदकर लाश को दफना दिया. इसके बावजूद वह करीब 45 दिनों तक अपने लापता पति को ढूंढने का नाटक करती रही, और किसी को इस बारे में पता नहीं चलने दिया.
मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के भाई अनिल शर्मा को शक हुआ. उसने बताया कि सुरेंद्र शर्मा के ATM कार्ड का इस्तेमाल सुरेंद्र के गायब होने के बाद भी दो से तीन बार किया गया था, और उससे ट्रांजैक्शन भी किए गए थे.
इससे रूबी पर उसका शक और गहरा हो गया. पूछताछ के दौरान अनिल शर्मा ने उससे सच बताने को कहा कि क्या उसने कुछ किया है या सुरेंद्र कहीं जाने के बहाने से निकला है. रूबी ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या करके लाश को बाथरूम में खोदे गए गड्ढे में दफनाने की बात कबूल कर ली. यह सुनकर अनिल शर्मा हैरान रह गया.
पड़ोसियों ने बताया कि 45 दिनों तक रूबी का व्यवहार नॉर्मल था और वह सभी से अच्छे से मिलती-जुलती थी. किसी को अंदाज़ा नहीं था कि वह इतना भयानक जुर्म कर सकती है. बताया गया कि रूबी और सुरेंद्र की दो बेटियां हैं.
घटना से दो-तीन दिन पहले रूबी ने दोनों लड़कियों को अपने देवर अनिल शर्मा के साथ भेज दिया था और अपनी सास को भी उनके घर भेज दिया था. रूबी घर चलाने के लिए टेलर का काम करती थी, जबकि उसका पति ट्रक ड्राइवर था.
ACP हरीपर्वत अमीषा ने पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आरोपी पत्नी ने अपने पति को 15 से 20 नींद की गोलियां खिलाकर मार डाला और लाश को घर के बाथरूम में खोदे गए गड्ढे में दबा दिया. पुलिस ने रूबी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया,
जहां से उसे 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच की जाएगी और आशंका है कि जांच के दौरान इस घटना से जुड़े और भी कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं.



