कोरबा। उरगा-सीतामणी मार्ग पर रविवार शाम ट्रैक्टर और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, सीतामणी की ओर से ट्रैक्टर उरगा की तरफ जा रहा था, जबकि उरगा की ओर से ट्रेलर सीतामणी की दिशा में आ रहा था। इसी दौरान उरगा-सीतामणी मार्ग पर दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक को गंभीर चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान ट्रैक्टर में कुछ लोग सवार थे। उन्हें ज्यादा चोट नहीं आने की जानकारी सामने आई है। वहीं दुर्घटना में घायल ट्रेलर चालक सड़क पर गिर गया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने मदद के लिए सूचना दी।
सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गंभीर रूप से घायल ट्रेलर चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। ट्रैक्टर और ट्रेलर की भिड़ंत के कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। हादसे के बाद मार्ग पर कुछ समय तक लोगों की भीड़ रही और यातायात भी प्रभावित हुआ।
दिनेश दीवान की रिपोर्ट




