हरियाली, स्वास्थ्य और मनोरंजन का अनूठा संगम; जिले के सबसे सुंदर एवं सुव्यवस्थित पार्कों में होगा शामिल
कोरबा, 22 जून 2026।
भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने सामुदायिक विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए सिविक सेंटर स्थित अत्याधुनिक जुबली पार्क का निर्माण किया है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह पार्क बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
पार्क में बच्चों के लिए सुरक्षित एवं आधुनिक झूले, युवाओं एवं फिटनेस प्रेमियों के लिए व्यायाम उपकरण, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष बैठने एवं विश्राम क्षेत्र, योग एवं ध्यान के लिए समर्पित योगा प्लेटफॉर्म तथा स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु आकर्षक वॉकिंग ट्रैक विकसित किए गए हैं। हरियाली, सौंदर्यीकरण और आरामदायक सुविधाओं से युक्त यह पार्क स्वास्थ्य और मनोरंजन का आदर्श केंद्र बनकर उभरेगा।
“कोरबा के सबसे सुंदर पार्कों में से एक है जुबली पार्क” – हितानंद अग्रवाल
नगर निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 43 के पार्षद हितानंद अग्रवाल ने जुबली पार्क को समुदाय के लिए बालको की एक सराहनीय और जनहितकारी पहल बताया। उन्होंने कहा कि पार्क में विकसित आधुनिक सुविधाएं, आकर्षक हरियाली और सुव्यवस्थित व्यवस्था इसे कोरबा जिले के सबसे सुंदर एवं व्यवस्थित पार्कों में शामिल करती हैं। यह ऐसा सार्वजनिक स्थल है जहां लोग स्वास्थ्य, मनोरंजन और प्रकृति के बीच गुणवत्तापूर्ण समय व्यतीत कर सकेंगे।
सामुदायिक विकास में निरंतर अग्रणी है बालको
पार्षद ने कहा कि बालको अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कर रहा है। टाउनशिप एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण, आंबेडकर स्टेडियम का आधुनिकीकरण एवं सौंदर्यीकरण, नेहरू पार्क का विकास तथा अन्य जनहितकारी परियोजनाएं इसका प्रमाण हैं। उन्होंने बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व की सराहना करते हुए जुबली पार्क जैसी पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य, सामाजिक जुड़ाव और सकारात्मक जीवनशैली का केंद्र बनेगा पार्क
जुबली पार्क को केवल मनोरंजन स्थल नहीं, बल्कि एक जीवंत सामाजिक एवं स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां समय-समय पर योग, फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे सभी आयु वर्ग के लोग लाभान्वित हो सकें।
बालको की यह पहल टाउनशिप एवं आसपास के क्षेत्रों में जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले वर्षों में जुबली पार्क स्वास्थ्य, मनोरंजन, सामाजिक मेलजोल और सामुदायिक सहभागिता का प्रमुख केंद्र बनकर क्षेत्र के विकास की नई मिसाल स्थापित करेगा।




