बिलासपुर /बिलासपुर टिटलागढ पैसेंजर ट्रेन में महिला यात्रियों के गहने चोरी करने वाले झारखंड के शातिर गिरोह को पकड़ने में आरपीएफ टास्क टीम-एक और जीआरपी ने रविवार को सफलता हासिल की है,घटना तीन मई की है, दरअसल सीपत थाना अंतर्गत ग्राम कौड़िया निवासी सोनाली पटेल टिटलागढ़ पैसेंजर में अपने पिता के साथ जयरामनगर स्टेशन से किरोड़ीमलनगर स्टेशन तक यात्रा कर रही थीं।
दोनों करीब 7:10 बजे जयरामनगर स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए,उसी समय किसी अज्ञात ने महिला यात्री के हैंड बैग की चेन खोलकर उसके अंदर रखे पर्स में रखा ज्वेलरी बॉक्स चोरी कर लिया,बॉक्स के अंदर एक हार सेट, एक सेट कान की बाली, एक रानीहार, एक अंगूठी और एक मंगलसूत्र रखे थे।

चोरी गई संपत्ति की कीमत एक लाख 74 हजार रुपये थी,प्रार्थी ने बिलासपुर जीआरपी थाने में पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत की,इस पर जीआरपी ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया, घटना की जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ टास्क टीम के सदस्यों ने अपने स्तर पर आरोपितों की पतासाजी की।
इस बीच रविवार को सूचना के आधार पर शाम छह बजे बिलासपुर प्लेटफॉर्म नंबर चार-पांच के हावड़ा छोर पर एक समूह को संदिग्ध अवस्था में देखा गया, इस पर उन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया इस बीच महिला आरक्षकों की मदद से पकड़ी गई महिलाओं की तलाशी ली गई,उनके कब्जे से दो सोने के रानी हार, एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, एक जोड़ी सोने की कान की बाली, एक सोने की अंगूठी एवं 21,500/- रुपये नकद बरामद हुए।
कड़ाई से पूछताछ करने पर बताया कि वे समूह में कार्य करते हैं एवं साड़ी बेचने का ढोंग रचकर ट्रेनों में भीड़भाड़ वाले स्थान पर महिला यात्रियों को अपना निशाना बनाते हैं, पूछताछ के दौरान बताया कि जयरामनगर स्टेशन से एक महिला यात्री के ट्रेन में सवार होते समय गहने चोरी किए थे।
इस दौरान विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी का सूक्ष्मता से अवलोकन कर कुछ संदिग्ध महिला व पुरुष की पहचान कर साइबर सेल के सहयोग से डंप डाटा लिया गया और शासकीय रेल पुलिस बिलासपुर के माध्यम से संदिग्ध नंबरों का सीडीआर प्राप्त कर अवलोकन कर संदिग्धों की पहचान की गई,इसी के आधार पर जांच की जा रही थी।
पकड़े गए आरोपितों में तुषार पासवान, विरासत पासवान, मोनिका बेद, मनी देवी, मामूनी कैमरा व सुजाता केवरा शामिल हैं, सभी निवासी हिलरोड, थाना-मिहिजाम, जिला-जामताड़ा, झारखंड के निवासी हैं।




