Skip to content

गेवरा में श्रमिक दिवस पर भव्य आयोजन, मजदूर हितों के मुद्दों पर गूंज उठी आवाज़

कोरबा। एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में श्रमिक दिवस के अवसर पर एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें श्रमिकों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। कार्यक्रम में हिन्द मजदूर सभा फेडरेशन के अध्यक्ष श्री रेशम लाल यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में श्री यादव ने श्रमिकों की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए खदानों एवं कॉलोनियों में बढ़ती डस्ट (धूल) और पानी की समस्या पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि धूल प्रदूषण से श्रमिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिसे तत्काल नियंत्रित करने की आवश्यकता है।
इसके साथ ही उन्होंने खदानों में रेस्ट शेल्टर (विश्राम स्थल) की कमी को गंभीर मुद्दा बताते हुए प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने मांग रखी कि खदानों में पर्याप्त संख्या में रेस्ट शेल्टर बनाए जाएं, ताकि श्रमिकों को काम के दौरान उचित विश्राम मिल सके।
कॉलोनी क्षेत्र की समस्याओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव किया जाए, जिससे धूल से राहत मिल सके। साथ ही पीने के पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग रखी, ताकि कॉलोनीवासियों को रोजमर्रा की परेशानियों से निजात मिल सके।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री संजय मिश्रा, महाप्रबंधक (संचालन) श्री चौधरी, महाप्रबंधक गेवरा परियोजना श्री पार्थ मुखर्जी, महाप्रबंधक (ई एंड एम) श्री ए.के. सिंह, प्रमुख चिकित्सा सेवाएं श्रीमती विजय लक्ष्मी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में हिन्द मजदूर सभा के महामंत्री श्री एस.डी. मानिकपुरी, सचिव श्री एस.सी. मंसूरी, गेवरा क्षेत्र के प्रतिनिधि रविंद्र स्वर्णकार, वेलफेयर सदस्य राजेश सिंह एवं मकसूद अंसारी, एरिया सेफ्टी बोर्ड के सदस्य आर.एस. तिवारी, सुशील श्रीवास, शिव बंजारे और मुन्ना लाल साहू सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान श्रमिकों का सम्मान भी किया गया और उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया कि श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रबंधन और संगठन के बीच समन्वय बेहद आवश्यक है।