Skip to content

अब 21 की जगह 25 दिन बाद ही कर सकेंगे LPG की अगली बुकिंग,जमाखोरी रोकने के लिए सरकार का सख्त कदम…

नई दिल्ली/मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक सप्लाई चेन पर पड़ रहे असर के बीच केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव कर दिया है। जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए अब Liquefied Petroleum Gas सिलेंडर की अगली बुकिंग 21 दिन की बजाय 25 दिन बाद ही की जा सकेगी। सरकारी सूत्रों के अनुसार यह फैसला हाल ही में गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी और अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए लिया गया है, ताकि बाजार में कृत्रिम संकट पैदा न हो सके।

जानकारी के अनुसार कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां उपभोक्ता पहले 50–55 दिनों में सिलेंडर बुक करते थे, लेकिन हाल के दिनों में कुछ लोग 15 दिन के भीतर ही दोबारा बुकिंग करने लगे थे। इससे बाजार में अफरा-तफरी और स्टॉक जमा करने की स्थिति बनने लगी थी। इसी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने अब बुकिंग अंतराल 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। यानी एक सिलेंडर लेने के बाद अब 25 दिन से पहले दूसरा सिलेंडर बुक नहीं किया जा सकेगा।

इसके साथ ही सरकार ने तेल रिफाइनरियों को LPG उत्पादन बढ़ाने के निर्देश भी जारी किए हैं, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।आपको बता दें कि हाल ही में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी,इसके बाद बाजार में जमाखोरी और अधिक बुकिंग की आशंका बढ़ गई थी, जिसे देखते हुए यह नया नियम लागू किया गया है।

इस बीच सरकारी सूत्रों ने यह भी स्पष्ट किया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने के बावजूद फिलहाल Petrol और Diesel की कीमतों में तत्काल बढ़ोतरी की कोई योजना नहीं है, अधिकारियों का कहना है कि सरकार वैश्विक तेल बाजार पर लगातार नजर बनाए हुए है,फिलहाल तेल विपणन कंपनियां बढ़ती लागत के दबाव को खुद वहन कर सकती हैं, इसलिए आम उपभोक्ताओं को तुरंत राहत दी जा रही है।