Skip to content

एक दिवसीय सम्मेलन में जुटे वीर हिंदू परिषद के कार्यकर्ता, सनातन समाज को संगठित करने पर दिया बल

राजधानी रायपुर के श्याम नगर स्थित श्री झूलेलाल धाम में वीर हिंदू परिषद, राष्ट्र बजरंग दल और वीर हिंदू महिला परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत का एक दिवसीय सम्मेलन संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भगवताचार्य संत श्री मनोज शास्त्री ने सनातन समाज को संगठित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के समय में एकजुटता ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सामाजिक और धार्मिक मूल्यों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने की अपील की।

वीर हिंदू परिषद के छत्तीसगढ़ प्रांत अध्यक्ष दीपक दुबे ने कहा कि गौ रक्षा, धर्मांतरण, राम मंदिर, मथुरा व काशी जैसे विषयों पर जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हिन्दू योद्धाओं की चिंता करने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि वीर हिंदू परिषद इन कार्यकर्ताओं को आर्थिक, शारीरिक और बौद्धिक रूप से सक्षम बनाए जाने की दिशा में कार्य कर रहा है।

सम्मेलन में वीर हिंदू महिला परिषद की बिलासपुर जिला अध्यक्ष शिल्पी भट्टाचार्य ने ‘लव जिहाद’ पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन समाज की बालिकाओं को बचपन से ही अपने धर्म, संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वीर हिंदू परिषद प्रांत संगठन मंत्री उत्तम मिश्रा, प्रांत महामंत्री भुनेश्वर सेन, वीर हिंदू किसान परिषद प्रांत अध्यक्ष सुनील साहू, राष्ट्र बजरंग दल प्रांत अध्यक्ष भीम साह, महामंत्री कुंदन फेकर, महिला परिषद से अनुभा दुबे, किरण कौर, प्रिया शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रांत मंत्री अशोक दुल्हानी, जिला अध्यक्ष रवि हिंदुस्तानी, नितेश राव सहित संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।