कोरबा।जनपद के ग्राम ढपढप, बांकीमोंगरा में आयोजित श्री हनुमंत कथा के पावन अवसर पर सोमवार को भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस दिव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव सपरिवार सम्मिलित हुए। दोनों नेताओं ने व्यासपीठ पर विराजमान पूज्य श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी (बागेश्वर धाम सरकार) से भेंट कर उनका आत्मीय सानिध्य प्राप्त किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि ढपढप की पावन धरा पर उमड़ा यह विशाल जन-सैलाब हमारी गौरवशाली सनातन संस्कृति की अटूट शक्ति और श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हनुमंत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में आस्था, भक्ति, राष्ट्रभाव और सनातन संस्कारों के जागरण का एक महापर्व है। ऐसी कथाओं के माध्यम से जनमानस में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मबल और निस्वार्थ सेवा-भाव का संचार होता है। मंत्री जी ने बजरंगबली के चरणों में वंदना करते हुए कामना की कि उनका आशीर्वाद प्रदेशवासियों पर सदैव बना रहे और कोरबा जिला सहित पूरा छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।
इस गरिमामय कार्यक्रम के दौरान कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष व वरिष्ठ पार्षद श्री अशोक चावलानी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री वैभव शर्मा और सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की जिला संयोजिका श्रीमती अंजना सिंह सहित बड़ी संख्या में विशिष्ट जन और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मंत्री श्री देवांगन ने इस भव्य और दिव्य आयोजन के सफल संचालन हेतु आयोजकों के प्रति हार्दिक साधुवाद व्यक्त किया।




