Skip to content

हजारों बहनों ने मंत्री लखन लाल देवांगन को बांधी राखी, स्नेह से सराबोर हुआ डी-1 निवास

“बहनी मन संग राखी के तिहार” में दिखा भाई-बहन के रिश्ते का अनूठा अपनापन, सुबह से देर तक लगी रही बहनों की कतार

कोरबा, 28 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कोरबा में भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आत्मीयता की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। डी-1, पंचवटी स्थित शासकीय निवास में उद्योग मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन द्वारा आयोजित “बहनी मन संग राखी के तिहार” कार्यक्रम में हजारों बहनों ने पहुंचकर उनकी कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

सुबह से ही मंत्री के निवास पर बहनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। देखते ही देखते परिसर में बड़ी संख्या में बहनों की कतार लग गई। बहनों ने तिलक लगाकर आरती उतारी और राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत किया। पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव, उल्लास और आत्मीयता का माहौल नजर आया।

बहनों के स्नेह से अभिभूत हुए मंत्री देवांगन

रक्षाबंधन के अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा की बहनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्षद से लेकर महापौर, कटघोरा विधायक, संसदीय सचिव और अब कोरबा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री बनने तक क्षेत्र की बहनों ने उन्हें लगातार अपना भाई मानकर स्नेह और आशीर्वाद दिया है।

उन्होंने कहा कि यह स्नेह उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है और वे कोरबा की सभी बहनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

मंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह विश्वास, सम्मान, प्रेम और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने के संकल्प का पर्व है। माताओं और बहनों का स्नेह एवं आशीर्वाद उनके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

महिलाओं के स्वावलंबन को लेकर सरकार प्रतिबद्ध

मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, आर्थिक स्वावलंबन और खुशहाली के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस राशि का उपयोग महिलाएं परिवार की जरूरतों, बच्चों की शिक्षा और आजीविका से जुड़े कार्यों में कर रही हैं। इससे महिलाओं में आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ-साथ आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।

भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

रक्षाबंधन के इस विशेष आयोजन में महापौर संजू देवी राजपूत, डॉ. राजीव सिंह, प्रफुल्ल तिवारी, प्रीति स्वर्णकार, चंचला राठौर, स्वाति कश्यप, देवेंद्र पांडे, रुक्मणी नायर, नवीन अरोड़ा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष वैभव शर्मा सहित भाजपा के पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

राखियों से सजी कलाई, स्नेह से भरा रहा पूरा परिसर

“बहनी मन संग राखी के तिहार” कार्यक्रम में बहनों की बड़ी भागीदारी ने रक्षाबंधन के पारंपरिक उत्सव को सामाजिक जुड़ाव और आत्मीयता का रूप दे दिया। हजारों बहनों के स्नेह से मंत्री लखन लाल देवांगन की कलाई पर सजी राखियां पूरे आयोजन की सबसे खास तस्वीर बन गईं।