रायगढ़ /शराब भट्ठी में मदिरा पान कर रहे सब्जी विक्रेता से दो बदमाशों द्वारा 5 हजार रूपए नगद सहित उसका मोबाईल व बाईक छिनकर फरार हो जाने का मामला प्रकाश में आया है,ग्रामीण ने तदाशय की रिपोर्ट थाने में कराये जाने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध जुर्म दर्ज कर उनकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है,

उक्त वाकया सिटी कोतवाली क्षेत्र का है,दरअसल पुराना बड़पारा शराब दुकान असमाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है,इस दुकान के आस पास आये दिन लूटपाट व मारपीट जैसी घटनाएं होती रहती है,वहीं इसी तरह का एक और मामला सामने आया है,मिली जानकारी के अनुसार पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम गोतमा निवासी गजानंद प्रधान ने शनिवार को सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह सब्जी बिक्री का काम करता है,
सोमवार की दोपहर को वह अपनी एच. एफ डीलक्स बाईक (क्रमांक सीजी 13 बीएफ 961९) से रायगढ़ आया था, वहीं हटरी चौक से सब्जी का पैसा लेकर वह वापस अपने गांव जाने के लिए निकला था, रास्ते में पुराना बड़पारा शराब दुकान में वह शराब सेवन के लिए रूका था, सडक़ किनारे वह अपनी मोटर सायकिल को खड़ी कर शराब पी रहा था इसी दौरान दो व्यक्ति वहां आये और पहले सौ रूपए नगद मांगे,
गजानंद ने उन्हें सौ रूपए दे दिया तब उसकी शराब में से आधा देने को कहा जिस पर वह डर गया और आधी शराब भी उन्हें दे दी, शराब पीने के बाद वे दोनों गजानंद के साथ गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिये तथा गजानंद के जेब में रखे 5 हजार रूपए नगद व उसका मोबाईल फोन साथ ही उसकी बाईक छिन कर रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गये,
बदमाशों के डर से पहले तो ग्रामीण ने रिपोर्ट नहीं लिखवाई तथा शनिवार को रायगढ़ पहुंचकर उसने सिटी कोतवाली में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आप बीती बताई,पुलिस ने गजानंद प्रधान की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ बीएनएस की धारा ३ (५), ३०९ (६) के तहत जुर्म दर्ज करते हुए उनकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है,,




