जांजगीर-चांपा/ जांजगीर-चांपा जिले के नैला चौकी उप थाना क्षेत्र में तालाब किनारे शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई,धारदार हथियार से किए गए हमले में युवक की आंतें बाहर आ गईं, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान रोशन सूर्यवंशी (23 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते शनिवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच रोशन अपने कुछ दोस्तों के साथ तालाब के पास बैठकर शराब पी रहा था, इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई,शुरू में मामूली विवाद लग रहा यह झगड़ा देखते ही देखते हिंसक हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के बताये अनुसार विवाद बढ़ने पर एक युवक ने अचानक धारदार हथियार निकाल लिया और रोशन के पेट पर जोरदार वार कर दिया, हमला इतना गंभीर था कि रोशन की आंतें बाहर निकल आईं और गंभीर रूप से घायल रोशन मौके पर ही दर्द से कराहने लगा, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही रोशन के परिजन मौके पर पहुंचे,परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन अधिक खून बहने और अंदरूनी चोटों के कारण इलाज के दौरान रोशन ने दम तोड़ दिया।
जिसके बाद मामले की सुचना पुलिस को दी गई ,घटना की सूचना मिलते ही नैला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया,पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मौके से साक्ष्य जुटाए,हत्या की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे,पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना को लेकर सीएसपी योगिता बाली खापर्डे ने मिडिया को बताया कि अज्ञात आरोपियों द्वारा युवक की हत्या की गई है, फिलहाल हत्या के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




