Skip to content

बालको में महिलाओं ने संभाली 24×7 सुरक्षा की कमान, अब पूरी तरह महिला टीम चला रही हाईटेक सिक्योरिटी कंट्रोल सेंटर

कोरबा | 23 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित भारत एल्यूमिनियम कंपनी (बालको) ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। अब बालको का सेंट्रल सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर (CSOC) पूरी तरह महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित किया जा रहा है। इसे “She-SOC (Security Harmony & Excellence)” के रूप में विकसित किया गया है, जहां महिला अधिकारी 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन पूरे संयंत्र की सुरक्षा पर नजर रख रही हैं।

यह हाईटेक कंट्रोल सेंटर प्लांट में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, सुरक्षा अलर्ट का विश्लेषण, आपातकालीन स्थिति में त्वरित समन्वय और सुरक्षा टीमों को दिशा-निर्देश देने जैसी अहम जिम्मेदारियां निभाता है।

महिलाएं बदल रही हैं सुरक्षा की परिभाषा

बालको का यह कदम इस सोच को मजबूत करता है कि आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था केवल शारीरिक शक्ति पर नहीं, बल्कि तकनीकी दक्षता, सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और नेतृत्व कौशल पर आधारित होती है।

She-SOC प्रभारी वर्षा द्विवेदी ने कहा कि कंपनी ने उन्हें नेतृत्व का अवसर और भरोसा दिया, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। वहीं रेखा श्रीवास्तव का कहना है कि सुरक्षा क्षेत्र में महिलाओं को लेकर बनी पुरानी धारणाएं अब बदलने का समय आ गया है। पूजा टंडन के अनुसार, हर दिन नई चुनौतियां उन्हें और अधिक सक्षम बना रही हैं।

महिला सशक्तिकरण की नई पहचान बना बालको

बालको का She-SOC न केवल औद्योगिक सुरक्षा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का उदाहरण है, बल्कि यह भी साबित करता है कि सही अवसर, प्रशिक्षण और विश्वास मिलने पर महिलाएं किसी भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को सफलता के साथ निभा सकती हैं।