मोबाइल हेल्थ वैन और प्रोजेक्ट आरोग्य बदल रहे ग्रामीण स्वास्थ्य की तस्वीर
कोरबा, 21 जून 2026। ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की पहल लगातार नई मिसाल कायम कर रही है। बालको की मोबाइल हेल्थ वैन (एमएचवी) और प्रोजेक्ट आरोग्य ने वित्तीय वर्ष 2026 में 1.20 लाख से अधिक लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाकर हजारों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
जहां कभी इलाज के लिए ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं अब डॉक्टरों की सलाह, जांच और उपचार उनके गांवों तक पहुंच रहे हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण पाढ़ीमार गांव की 60 वर्षीय फूलमणि एक्का हैं, जो वर्षों से गठिया और जोड़ों के दर्द से परेशान थीं। आर्थिक और शारीरिक परेशानियों के कारण इलाज संभव नहीं हो पा रहा था, लेकिन मोबाइल हेल्थ वैन के नियमित दौरे ने उनके लिए उपचार के नए रास्ते खोल दिए।
फूलमणि कहती हैं, “अब मुझे गांव में ही डॉक्टरों की सलाह, दवाइयां और फिजियोथेरेपी की सुविधा मिल रही है। इससे मेरी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।”
70 गांवों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं
बालको की मोबाइल हेल्थ वैन प्रत्येक पखवाड़े 70 गांवों और समुदायों तक पहुंचती है। वैन में फिजियोथेरेपी, विशेषज्ञ परामर्श और 40 से अधिक प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार संभव हो रहा है। वर्ष 2026 में इस पहल से 27 हजार से अधिक लोगों ने लाभ प्राप्त किया।
प्रोजेक्ट आरोग्य बना ग्रामीणों का स्वास्थ्य साथी
बालको का प्रोजेक्ट आरोग्य स्वास्थ्य जागरूकता, प्राथमिक चिकित्सा और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं पर केंद्रित है। इसके तहत स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता अभियान और मातृ-शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण, एनीमिया, टीबी, एचआईवी तथा नशा मुक्ति जैसे विषयों पर विशेष कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं।
बालकोनगर के समीप रहने वाली नेहा कंवर बताती हैं कि प्रोजेक्ट आरोग्य की मदद से उनकी ढाई वर्षीय बेटी काव्या का स्वास्थ्य बेहतर हुआ। पोषण संबंधी सलाह और उचित खानपान के कारण केवल दो महीनों में उसका वजन 1.5 किलोग्राम बढ़ा और वह सामान्य श्रेणी में आ गई।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिला नया आयाम
कोरबा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में बालको जैसे उद्योग महत्वपूर्ण सहयोगी की भूमिका निभा रहे हैं। उनकी पहल से चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और पहुंच दोनों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
स्वस्थ और सशक्त समाज की दिशा में कदम
वित्तीय वर्ष 2026 में प्रोजेक्ट आरोग्य से 93 हजार से अधिक लोग लाभान्वित हुए। मोबाइल हेल्थ वैन और प्रोजेक्ट आरोग्य मिलकर बालको की उस सामाजिक प्रतिबद्धता को मजबूत कर रहे हैं, जिसके तहत स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर समुदाय के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।




