Skip to content

बालकोनगर में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

कोरबा/बालकोनगर, 16 जुलाई। बालकोनगर में भगवान जगन्नाथ की पावन रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। उत्कल भारती समिति के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य आयोजन में बालको के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी (धातु) निकेत श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवारजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

रथयात्रा की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान निकेत श्रीवास्तव ने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं के साथ स्वयं रथ खींचकर इस पावन परंपरा में सहभागिता निभाई।

पूरी यात्रा के दौरान “जय जगन्नाथ” के जयघोष से बालकोनगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। रथयात्रा के आगे चल रहे कर्मा नृत्य दल की आकर्षक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुन, भक्ति संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।

रथयात्रा राम मंदिर से प्रारंभ होकर बालकोनगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रामलीला मैदान स्थित श्री गुंडिचा मंदिर पहुंची। यहां भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र की विधिवत स्थापना कर विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की गई।

आयोजन समिति ने बताया कि 16 जुलाई से 24 जुलाई तक श्री गुंडिचा मंदिर में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, महाप्रसाद वितरण एवं विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

बालकोनगर में पिछले 45 वर्षों से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकता का भी प्रतीक बन चुका है।