Skip to content

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने दी हरेली तिहार की शुभकामनाएं छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा और छत्तीसगढ़ी खेलों के आयोजन के साथ मनाया जाएगा पारंपरिक पर्व

कोरबा। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व हरेली तिहार के अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरबावासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि खेती-किसानी, हरियाली और पर्यावरण को समर्पित यह पर्व छत्तीसगढ़ के लोगों के प्रकृति प्रेम और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक है।

जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि हरेली तिहार गांव-गांव में उत्साह और उमंग से मनाया जाता है। यह पर्व कृषि उपकरणों की सफाई और पूजा-अर्चना का विशेष दिन होता है। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी से प्रदेश में अच्छी फसल की कामना की।

पूर्व मंत्री ने जानकारी दी कि 24 जुलाई 2025, गुरुवार को दर्री डेम स्थित भवानी मंदिर के पास छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में पारंपरिक विधि-विधान से छत्तीसगढ़ महतारी एवं कृषि उपकरणों की पूजा-अर्चना की जाएगी। साथ ही छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का भोग भी माता को अर्पित किया जाएगा।

इस मौके पर छत्तीसगढ़ महतारी संस्कृति संवर्धन सेवा समिति, कोरबा द्वारा लगातार 21 वर्षों से आयोजित हो रहे छत्तीसगढ़ी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं जैसे गेड़ी दौड़, नारियल फेंक सहित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम – सुवा नाच, छत्तीसगढ़ी गीत एवं नृत्य का आयोजन किया जाएगा।

महिलाएं इस अवसर पर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी परिधान, हरे रंग के कपड़े और गहनों जैसे पाजेब, करधनी आदि धारण कर कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होती हैं। छत्तीसगढ़ महतारी को अर्पित भोग का प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाएगा।

जयसिंह अग्रवाल ने समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा के संरक्षण व संवर्धन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन कोरबावासियों के वैभव, ऐश्वर्य, उन्नति, प्रगति, स्वास्थ्य, समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना के साथ छत्तीसगढ़ महतारी की कृपा बनाए रखने का माध्यम है।