कोरबा-क्षेत्र में यात्री सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बस संचालकों पर शिकंजा कस दिया है। विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए विशेष जांच अभियान में कुल 4 बसों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए। इस कार्रवाई के दौरान 3 बसों पर जुर्माना लगाया गया, जबकि एक स्कूल बस को गंभीर अनियमितताओं के चलते मौके पर ही जप्त कर लिया गया।
जांच के दौरान स्कूल बस में जो लापरवाही सामने आई, उसने सभी को चौंका दिया। बस के पास वैध परमिट नहीं था, जो किसी भी वाहन के संचालन के लिए अनिवार्य होता है। इसके अलावा फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा (इंश्योरेंस) और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (PUC) जैसे जरूरी दस्तावेज भी मौजूद नहीं पाए गए। सबसे गंभीर बात यह रही कि बस चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं था। इस प्रकार की लापरवाही बच्चों की सुरक्षा के साथ बड़ा खिलवाड़ मानी जा रही है, जिस पर विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस को जप्त कर लिया।
वहीं अन्य निजी और यात्री बसों की जांच में भी कई अनियमितताएं उजागर हुईं। बसों में किराया सूची प्रदर्शित नहीं की गई थी, जिससे यात्रियों से मनमाने तरीके से अधिक किराया वसूला जा रहा था। कई मामलों में यात्रियों को टिकट तक जारी नहीं किए गए, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है। इसके अलावा कंडक्टर भी निर्धारित वर्दी में नहीं पाए गए, जिससे उनकी पहचान और जिम्मेदारी तय करना मुश्किल हो जाता है।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की लापरवाही न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और अधिकारों के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन मालिकों और संचालकों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा, संजय वस्त्रकार, सदानंद जांगड़े, प्रधान आरक्षक (उड़न दस्ता) प्रेमधन तिग्गा एवं आरक्षक प्रफुल्ल ताराम इस कार्रवाई के दौरान मौके पर उपस्थित रहे और पूरी जांच प्रक्रिया को अंजाम दिया।

Related Articles

आवारा कुत्तों का आतंक-पाचं साल के माशुम को नोच-नोच कर सुला दी मौत की नींद–
Jul 17, 2026
बालकोनगर में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
Jul 17, 2026
