Skip to content

नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में 6 युवकों की मौके पर ही मौत,7 गंभीर रूप से घायल…

बालोद /बालोद जिले में जगदलपुर नेशनल हाईवे पर मरकाटोला घाट के पास गेहूं से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप को अपनी चपेट में ले ली, सड़क किनारे खड़े पिकअप में धुमाल बाजा और डीजे साउंड सिस्टम के साथ 13 युवक सवार थे,हादसे में 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 गंभीर रूप से घायल हो गए, घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

मृतक और घायल सभी कवर्धा की श्री कृष्ण धुमाल पार्टी से जुड़े हैं जो गणेश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाजे और डीजे का सामान लेकर जगदलपुर लौट रहे थे, इसी बीच मरकाटोला घाट पार करते वक्त पिकअप में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण चालक को वाहन सड़क किनारे रोक कर खड़ा किया था,

इस बीच बारिश शुरू हो गई और भीगने से बचने के लिए ज्यादातर युवक वापस पिकअप के भीतर बैठे थे, इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे गेहूं लदे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी पिकअप को सीधी टक्कर मार दी, टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए,

कुछ युवक सड़क पर दूर जा गिरे तो कई ट्रक के पहियों तले दब गए, सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घंटों मशक्कत के बाद शवों व घायलों को बाहर निकाला जा सका, हादसे के कारण घाट पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा,

मृतकों की पहचान कोमल साहू, अनीश पात्रे, दीपक कुंभकार, कृष्णा चौहान, राजा और सुंदर साहू के रूप में हुई है, घायलों में पिकअप चालक प्रमोद के अलावा अरमान, दीपचंद, भुनेश्वर, गणेश पात्रे, रूपेश और अनमोल शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है,

घटना को लेकर गुरुर एसडीओपी माया शर्मा ने घटना में 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है,पुलिस के अनुसार लगातार बारिश से सड़क पर बनी फिसलन को ट्रक के अनियंत्रित होने की वजह माना जा रहा है, हालांकि हादसे के सटीक कारणों की जांच जारी है…