दुर्ग/दुर्ग जिले की कानून व्यवस्था में तेजी व कार्यशैली में कसावट लाने के मकसद से दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जिले के थानों में बड़ा फेरबदल किया है, यहाँ जारी हुए इस आदेश में 4 पुलिस निरीक्षकों (टीआई) और 5 उप निरीक्षकों (एसआई) को इधर से उधर कर दिया गया है।
इस कार्रवाई को पुलिसिंग में कसावट लाने की दिशा में एक सख्त कदम माना जा रहा है,जिन अफसरों को नई जिम्मेदारी मिली है उन्हें तत्काल प्रभाव से अपनी नई जगह पर आमद देने को कहा गया है,तबादला सूची पर गौर करें तो थानों की कमान में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

भिलाई कंट्रोल रूम में अपनी सेवाएं दे रहीं निरीक्षक श्रद्धा पाठक को अब अण्डा थाने का नया प्रभार सौंपा गया है। वहीं, उतई थाने की कुर्सी संभाल रहे निरीक्षक महेश ध्रुव को वहां से हटाकर भिलाई कंट्रोल रूम अटैच कर दिया गया है।
उनकी जगह पर बोरी थाने के प्रभारी अनिल पटेल को अब उतई का नया थानेदार बनाया गया है। इसके अलावा, दुर्ग पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक वंदिता पनिणकर को बोरी थाने की कमान सौंपकर उन्हें मुख्य धारा की पुलिसिंग में उतारा गया है।
निरीक्षकों के साथ-साथ उप निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र भी बदले गए हैं। जेवरा सिरसा चौकी के प्रभारी एसआई खगेन्द्र पठारे को वहां से हटाकर मोहन नगर थाने भेज दिया गया है। उनकी जगह पर कुथरेल में पदस्थ एसआई समीर मिश्रा को जेवरा सिरसा चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है।
अण्डा थाने के प्रभारी रहे पारस ठाकुर की सुपेला थाने में रवानगी डाल दी गई है, इसके अलावा धमधा और उतई के बीच भी फेरबदल हुआ है,धमधा में पदस्थ एसआई श्रीराम पेंड्रो को उतई भेजा गया है, जबकि उतई से प्रमोद सिन्हा को धमधा थाने भेजकर नई जिम्मेदारी दी गई है।
अब देखना यह होगा कि इन नए प्रभारियों के कुर्सी संभालने के बाद संबंधित इलाकों में सटोरियों, कबाड़ियों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस का डंडा कितनी सख्ती से चलता है, जनता को भी अब अपने इलाकों में पुलिस की इस नई टीम से मुस्तैदी की उम्मीद है।




