Skip to content

थोड़ी देर में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे.सुवेंदु अधिकारी….

कोलकाता/ भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी अपने घर से रवाना हुए, वे थोड़ी देर में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे. बंगाल के नवनिर्वाचित सीएम शुभेंदु अधिकारी के अलावा कई और विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे. इन नेताओं को फोन करके बताया गया है. इस लिस्ट में दिलीप घोष का नाम भी सामने आ रहा है.

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और HAM प्रमुख जीतन राम मांझी, और राष्ट्रीय लोक दल पार्टी के अध्यक्ष जयंत चौधरी कोलकाता पहुंच गए हैं. ये सभी दिग्गज शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बनेंगे.

कोलकाता में बीजेपी नेता और मुख्यमंत्री बनने जा रहे शुभेंदु अधिकारी के आवास पर बड़ी संख्या में कोलकाता पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है. इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ये कदम उठाया गया है. शुभेंदु अधिकारी के घर के बाहर पुलिस की गाड़ियां और सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है.

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन में भले अभी कुछ समय हो, लेकिन चुनाव परिणाम सामने आते ही केंद्र सरकार ने राज्य में सालों से अटकी केंद्रीय योजनाओं और परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है. सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार ने सभी मंत्रालयों से उन योजनाओं और परियोजनाओं की सूची मांगी है जो पिछले लगभग 12 वर्षों से ममता बनर्जी सरकार के विरोध, देरी या प्रशासनिक अड़चनों के कारण लंबित पड़ी थीं. सूत्रों का कहना है कि इस पूरी कवायद की जिम्मेदारी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सौंपी गई है. उन्होंने विभिन्न मंत्रालयों से ऐसी योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा मांगा है.

शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह पर खुशी जाहिर की है. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘सोनार बांग्ला का सूर्योदय, भयमुक्त बंगाल की नई भोर. आज बंगाल की पावन भूमि पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार शपथ लेने जा रही है. मन आनंद और उत्साह से भाव-विभोर है. हृदय में गर्व, विश्वास और कृतज्ञता की अनेक लहरें उठ रही हैं. श्रद्धेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की जन्मभूमि पर कमल खिला है. बंगाल विजय, भारत की विजय है. आज पश्चिम बंगाल की पावन धरा पर विकास, सुशासन और जनकल्याण का एक नया अध्याय प्रारंभ हो रहा है. बंगाल विजय का अर्थ है- सुरक्षित और विकसित भारत के लिए सुरक्षित और विकसित बंगाल. भारतीय जनता पार्टी के लिए बंगाल विजय का मतलब है कि अब बंगाल घुसपैठ मुक्त होगा, भयमुक्त होगा, भ्रष्टाचार मुक्त होगा, खुशहाल होगा और समृद्ध होगा.’

शुभेदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने ब्रिगेड परेड मैदान के आसपास और शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी है. शहर में और आसपास मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है. कोलकाता पुलिस की ओर से शुक्रवार की देर शाम जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक एस्प्लेनेड रैंप, खिदिरपुर रोड, हॉस्पिटल रोड, कैसुअरीना एवेन्यू और क्वींस वे पर वाहनों की आवाजाही कम रहेगी.

केंद्र सरकार की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पेट्रोलियम मंत्री सुरेश गोपी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे. इनके अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सांसद हर्षवर्धन सिंगला भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंच चुके हैं.

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए देश भर के कई VVIP नेता कोलकाता पहुंच चुके हैं. मेहमानों की इस सूची में सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा और नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो शामिल हैं. मणिपुर के मुख्यमंत्री खेम चंद सिंह और उपमुख्यमंत्री नेमचा किपजेन के साथ ही राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी इस समारोह का हिस्सा बनने कोलकाता पहुंचे हैं.

शुभेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल BJP लेजिस्लेटिव पार्टी के नेता चुने जाने पर, राज्य BJP प्रेसिडेंट समिक भट्टाचार्य ने कहा, ‘ये सिर्फ हमारा सपना नहीं था, ये लाखों BJP वर्कर्स का सपना था. श्यामा प्रसाद की धरती पर श्यामा प्रसाद की सरकार बनने जा रही है. कल मुख्यमंत्री शपथ लेंगे. हमारी जिंदगी में इससे बड़ा पल शायद ही कोई हो. पश्चिम बंगाल के लोगों ने जंगल राज को उखाड़ फेंका है. ये डेमोक्रेसी की जीत है.’ वो आगे कहते हैं, ‘ममता बनर्जी को प्रोटोकॉल के हिसाब से बुलाया गया है.’

यूपी के डिप्टी-सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने शुभेंदु अधिकारी के विधायक दल का नेता चुने जाने पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा, ‘पश्चिम बंगाल में TMC का कार्यकाल एक अंधेरी रात जैसा रहा है. लोगों को घुटन महसूस हुई और पश्चिम बंगाल पिछड़ गया, जिसे देश में सबसे आगे होना चाहिए था, लेकिन पश्चिम बंगाल के लोग डरे नहीं। लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के भरोसे पर भरोसा किया और कमल का बटन दबाया.’