बलरामपुर /बलरामपुर के वाड्रफनगर में तेज रफ्तार ट्रक ने डिलीवरी बॉय को लिया अपनी चपेट में,हादसे में युवक विकास देवांगन की मौके पर मौत हो गई. हादसा अंबेडकर चौक के पास हुआ जहां ट्रक चालक युवक को टक्कर मारकर काफी दूर तक घसीटता ले गया.

मिली जानकारी के अनुसार बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में सुबह सवेरे एक दर्दनाक सड़क हादसे में डिलीवरी बॉय की मौत हो गई. हादसा वाड्रफनगर के अंबेडकर चौक के समीप हुआ, जहां विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
डिलीवरी बॉय हेलमेट लगाया हुआ था, बावजूद इसके उसके सिर के परखच्चे उड़ गए.मृतक युवक की पहचान विकास देवांगन के रूप में हुई है, जो चलगली क्षेत्र के बड़का गांव का निवासी था और वाड्रफनगर में रहकर डिलीवरी कंपनी में कार्य करता था. बताया जा रहा है कि विकास सामानों की डिलीवरी देने वाड्रफनगर से महेवा की ओर बाइक से निकला था. इसी दौरान अंबेडकर चौक के पास सामने से आ रही ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक युवक को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
वहीं पुलिस ने ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी है. इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है. अचानक हुई इस घटना से परिजन सदमे में हैं. वही पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ने की बात कही जा रही है.




