Skip to content

ठग ने निमंत्रण कार्ड की APK फाइल भेजकर बनाया शिकार,हजारों उडाने वाला ठग गिरफ्तार…

जांजगीर-चांपा/शादी का निमंत्रण कार्ड भेजने के बहाने मोबाइल पर APK फाइल भेजकर ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने केरल से गिरफ्तार किया है,आरोपी के बैंक खाते में ठगी की 98 हजार रुपये की रकम प्राप्त हुई थी, जिसे उसने बैंक से निकालकर घरेलू खर्च में इस्तेमाल कर लिया था,

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में साइबर अपराध के इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, मामले के अनुसार, 06 जून 2026 को नैला स्टेशन रोड निवासी प्रार्थी राजेश कुमार थवाईत के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से शादी का निमंत्रण कार्ड बताकर एक APK फाइल भेजी गई थी,

प्रार्थी द्वारा फाइल डाउनलोड करते ही उसका मोबाइल हैक हो गया,इसके बाद मोबाइल से लिंक एसबीआई बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने 98 हजार रुपये निकाल लिए,प्रार्थी की शिकायत पर साइबर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई, जाचं के दौरान NCRP पोर्टल से प्राप्त बैंक खाते की जानकारी के आधार पर पुलिस ने ठगी की रकम प्राप्त करने वाले आरोपी की पहचान अब्दुल अजीज (29 वर्ष), निवासी कोण्डोट्टी, जिला मल्लपुरम, केरल के रूप में की, इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने ठगी की 98 हजार रुपये की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त होने, उसे निकालने और घरेलू खर्च में उपयोग करने की बात स्वीकार की, जांच में आरोपी के खाते में 21 हजार रुपये की एक अन्य संदिग्ध राशि भी प्राप्त होना पाया गया, जिसके संबंध में NCRP पोर्टल पर गुजरात से शिकायत दर्ज है,

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और बैंक खाते से संबंधित कार्रवाई करते हुए खाते को सीज कराया,आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया, जहां विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया,

जांजगीर पुलिस की अपील-अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से बचें,जांजगीर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि व्हाट्सएप पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें।

साइबर ठग शादी के निमंत्रण कार्ड, मोटर चालान, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने अथवा अन्य आकर्षक संदेशों के नाम पर ऐसी फाइलें भेजकर मोबाइल हैक कर सकते हैं। यहां तक कि किसी परिचित या विश्वसनीय व्यक्ति के मोबाइल से ऐसी फाइल आने पर भी बिना पुष्टि किए उसे डाउनलोड न करें।

यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रधान उप निरीक्षक रुखसाना बानो, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्र, आरक्षक प्रतीक सिंह एवं आरक्षक राजा जयप्रकाश रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।