जांजगीर-चांपा/ जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डिघोरा में रिश्तों को झकझोर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने ही 35 वर्षीय बेटे की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पिता खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक रावेंद्र मरावी शराब पीने का आदी था। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में वह आए दिन घर में विवाद करता था और परिजनों के साथ मारपीट भी करता था। बेटे के लगातार झगड़े और मारपीट से परेशान होकर पिता दिलहरण मरावी ने कथित तौर पर उस पर टंगिया से कई वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी पिता सीधे मुलमुला थाने पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की परिस्थितियों और घटनाक्रम को लेकर पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




