Skip to content

कोरबा ब्रेकिंग: रसोइए का खूनी तांडव, मासूम छात्र पर टंगिया से जानलेवा हमला

छुट्टी पर थे अधीक्षक, नशे में धुत रसोइए ने छात्रावास को बनाया अखाड़ा; आरोपी पुलिस हिरासत में

​कोरबा|जिले के छुरी स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रवास से रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ बच्चों के निवाले की जिम्मेदारी संभालने वाले रसोइए ने नशे की हालत में कक्षा 6वीं के एक मासूम छात्र पर कुल्हाड़ी (टंगिया) से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में छात्र बाल-बाल बचा, हालांकि उसकी आँख के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोट आई है।

पूरी घटना: शराब का नशा और खूनी वार

​जानकारी के अनुसार, आरोपी रसोइया केसर दुबे शराब के नशे में धुत होकर छात्रावास पहुँचा था। उस दौरान छात्रावास अधीक्षक छुट्टी पर थे। इसी का फायदा उठाकर रसोइए ने बच्चों को प्रताड़ित करना शुरू किया। विवाद इतना बढ़ा कि उसने आपा खो दिया और कक्षा 6वीं के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर टंगिया से वार कर दिया। हमले के बाद छात्र लहूलुहान हो गया। घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद उसके पिता अपने साथ घर ले गए हैं।

अवैध वसूली और टॉर्चर का आरोप

​छात्रावास के अन्य छात्रों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। रसोइया केसर दुबे लंबे समय से छात्रों को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। छात्रों ने उस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह डरा-धमकाकर उनसे अवैध वसूली भी करता था। अधीक्षक की अनुपस्थिति में उसका आतंक और बढ़ जाता था।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

​घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस हरकत में आई। अधीक्षक की औपचारिक शिकायत के बाद आरोपी रसोइए को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस फिलहाल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर रही है।

जनप्रतिनिधियों में आक्रोश: छुरी नगर पंचायत के स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कोरबा ट्राइबल एसी (सहायक आयुक्त) से संपर्क कर रसोइए को तत्काल बर्खास्त करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्र के साथ ऐसी घटना न हो।