Skip to content

कोरबा के छेदूराम ने कोसा उत्पादन से रची सफलता की नई इबारत, कमाए 6.30 लाख रुपये

कोरबा, 02 अप्रैल 2026:संघर्ष और दृढ़ संकल्प की एक शानदार मिसाल पेश करते हुए जिले के कटघोरा ब्लॉक के ग्राम सलोरा निवासी श्री छेदूराम ने कोसा उत्पादन के क्षेत्र में मिसाल कायम की है। बिना किसी कृषि भूमि और बीपीएल श्रेणी से ताल्लुक रखने वाले छेदूराम के लिए रेशम पालन मात्र एक पेशा नहीं, बल्कि उनकी आजीविका का सशक्त आधार बन गया है। पिछले 15 वर्षों से रेशम विभाग के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने वाले इस कृषक ने इस वर्ष तीन फसलों में कुल 1,73,733 नग कोसा का रिकॉर्ड उत्पादन किया है। इस उपलब्धि के बदले उन्हें विभाग द्वारा 6,30,816 रुपये का भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी (DBT) के माध्यम से किया गया है।

​छेदूराम की इस सफलता के पीछे उनके परिवार की कड़ी मेहनत और रेशम विभाग का तकनीकी मार्गदर्शन है। खाली समय में मजदूरी और मछली पालन करने वाले छेदूराम आज जिले के अन्य किसानों के लिए एक रोल मॉडल बन चुके हैं। रेशम विभाग के सहायक संचालक श्री बी.एस. भण्डारी के अनुसार, शासन की योजनाओं के तहत उन्हें उन्नत टसर कोसा बीज और निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में आमूलचूल परिवर्तन आया है।