नवीन आरटीओ अतुल असैया ने पुलिस और NHAI के साथ किया NH-130 के ब्लैक स्पॉट्स का संयुक्त निरीक्षण
कोरबा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार जिले में पदस्थ नवीन क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) श्री अतुल असैया ने पुलिस विभाग एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की संयुक्त टीम के साथ दिनांक 20 मई 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130 के विभिन्न ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पूर्व में आयोजित बैठक में कलेक्टर महोदय द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन एवं अब तक की गई कार्यवाहियों का अवलोकन किया गया। साथ ही NHAI द्वारा दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए किए जा रहे सुधारात्मक उपायों की प्रगति की समीक्षा भी की गई।
संयुक्त टीम ने पाया कि सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए कई स्थानों पर रम्बलर स्ट्रिप, कैट आई, क्रैश बैरियर, सूचनात्मक बोर्ड एवं गति संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य वाहन चालकों को सतर्क करना एवं दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है।
निरीक्षण के दौरान केसेनिया मोड़ को नए ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित करते हुए संयुक्त टीम द्वारा वहां की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण उपरांत आवश्यक सुधारात्मक कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) को अवगत कराने की बात कही गई।
गौरतलब है कि जिले में पदभार ग्रहण करने के दूसरे ही दिन नवीन आरटीओ श्री अतुल असैया सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाते हुए स्वयं निरीक्षण के लिए मैदान में पहुंचे। उनके इस सक्रिय रुख को सड़क सुरक्षा अभियान के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आगे भी लगातार संयुक्त अभियान एवं निरीक्षण जारी रहेंगे।




