जांजगीर चांपा/ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल पर निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है,यह निर्णय पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में किए गए सतत प्रयासों का परिणाम है।

यातायात पुलिस द्वारा पूर्व में भारतमाला परियोजना के परियोजना निदेशक, कोरबा को पत्र प्रेषित कर बलौदा थाना क्षेत्र से गुजर रहे निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर छोटे एवं बड़े सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने हेतु पत्राचार करते हुए इस पर कड़ा रुख अपनाने हेतु सचेत किया गया था।
निर्माण कार्य के दौरान मार्ग पर वाहन संचालन अत्यंत जोखिमपूर्ण होने तथा लगातार दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यह पहल की गई थी, यातायात जांजगीर चांपा पुलिस के पूर्व में पत्राचार किए गए पत्र पर परियोजना निदेशक कोरबा द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उरगा–बिलासपुर भारतमाला मार्ग को पूर्णतः बंद कर दिया गया है,
जिससे निर्माण कार्य सुरक्षित एवं सुचारु रूप से पूरा किया जा सके तथा संभावित सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके,
वही यातायात पुलिस ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग का उपयोग किसी भी स्थिति में न करें,जब तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक केवल वैकल्पिक एवं सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें।
वर्तमान में भारतमाला रोड में किसी प्रकार की एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, लाइट, सीसीटीवी सर्विलांस एवं अन्य सुरक्षा संबंधी सुविधा उपलब्ध नहीं है,यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी नागरिकों की महती जिम्मेदारी है।




