कोरबा,11 मार्च 2026।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) में भव्य टाउनहॉल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आईजी मिलना कुर्रे की उपस्थिति में कंपनी की 56 महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
वर्ष 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी मिलना कुर्रे ने इस अवसर पर बालको की महिला कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएँ आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और नेतृत्व का परिचय दे रही हैं और समाज तथा संस्थानों की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
‘अनस्टॉपेबल’ पत्रिका का दूसरा संस्करण जारी
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण “अनस्टॉपेबल” पत्रिका के दूसरे संस्करण का लोकार्पण रहा। इस विशेष संस्करण में बालको परिवार की 12 प्रेरणादायी महिलाओं की संघर्ष और सफलता की कहानियाँ शामिल की गई हैं, जिन्होंने अपने पारिवारिक दायित्वों के साथ-साथ कार्यस्थल पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नई मिसाल पेश की है।
महिलाओं की भूमिका से मजबूत हो रहा बालको
इस अवसर पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि आज महिलाएँ कई जिम्मेदारियों को निभाते हुए समाज और उद्योग दोनों को आगे बढ़ा रही हैं। बालको ने ऐसा समावेशी वातावरण तैयार किया है, जहाँ सभी को समान अवसर मिलते हैं। उन्होंने कहा कि संयंत्र के संचालन और नवाचार में महिलाएँ अग्रणी भूमिका निभा रही हैं, जो कंपनी को विश्व-स्तरीय एल्यूमिनियम उत्पादन और सामाजिक विकास के लक्ष्य तक पहुँचाने में मदद कर रही हैं।
जागरूकता और स्वास्थ्य पर विशेष कार्यक्रम
महिला दिवस के अवसर पर कार्यस्थल में मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक संतुलन को लेकर विशेष सत्र आयोजित किया गया। साथ ही बालको मेडिकल सेंटर के सहयोग से स्तन कैंसर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रारंभिक जांच, रोकथाम, नियमित स्क्रीनिंग और चेतावनी संकेतों की जानकारी दी गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी शाम
कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, नारी शक्ति को समर्पित गीतों और विभिन्न प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। साथ ही पोस्टर-मेकिंग प्रतियोगिता और ‘गिव टू गेन’ थीम पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों, उनके परिवारों और समुदाय के लोगों की रचनात्मक कलाकृतियाँ प्रदर्शित की गईं।
महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएँ
बालको महिलाओं के लिए एक समावेशी और सुरक्षित कार्यस्थल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। कंपनी द्वारा महिला कर्मचारियों के लिए क्रेच सुविधा, छह माह का वैतनिक मातृत्व अवकाश, नर्सिंग ब्रेक और ‘वन डे वर्क फ्रॉम होम’ नीति जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
कंपनी ने वर्ष 2030 तक महिला कर्मचारियों की संख्या 30 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है।




