कोरबा / कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र में सुबह हुई एक घटना ने सनसनी फैला दी है, दरअसल छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के जवान तेजराम बिंझवार उर्फ जगन्नाथ बिंझवार ने अपनी सर्विस इंसास राइफल से अपनी साली और चाचा ससुर की हत्या कर दी है,घटना में मृतकों की पहचान मदालसा बिन्धराज (17) और राजेश कुमार (35) के रूप में हुई है, घटना के बाद गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर चक्काजाम कर दिया जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई,

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना दोपहर 12:00 से 12:30 बजे के बीच उमेदी भांठागांव के मंदिर चौक के पास हुई,आरोपी जवान तेजराम जो CAF की 13वीं बटालियन के मड़वारानी कैंप में आरमोरार (बंदूक की सफाई) के पद पर कार्यरत है,घटना के समय रिजर्व बल में ड्यूटी पर था हालांकि वह सुबह ड्यूटी छोड़कर पैदल ही अपने गांव रलिया पहुंचा,

वहां से अपनी सर्विस राइफल लेकर उमेदी भांठागांव गया और मंदिर चौक के पास एक घर में घुसकर अपनी साली मदालसा को दो गोलियां मारीं, जब चाचा ससुर राजेश कुमार उसे पकड़ने के लिए दौड़े तो मुख्य सड़क पर तेजराम ने उन पर भी दो गोलियां चला दी, दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया,
घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे तेजराम को ग्रामीणों ने पकड़कर हरदी बाजार पुलिस के हवाले कर दिया,पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसकी सर्विस राइफल जब्त कर ली है, कोरबा के पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थ तिवारी ने स्थानीय मीडिया को जानकारी दी है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद का मामला सामने आ रहा है, मामले की जांच की जा रही है ताकि सटीक कारणों का पता लगाया जा सके,
बताया जा रहा है कि तेजराम की शादी दो साल पहले अवध बाई से हुई थी,पति-पत्नी के बीच विवाद होने के कारण सामाजिक बैठक के बाद दोनों अलग हो गए थे, पुलिस का मानना है कि इसी विवाद ने इस हत्याकांड को जन्म दिया है, CAF कैंप के अधिकारियों को भी घटना की सूचना दे दी गई है और वे मामले की जांच में सहयोग कर रहे हैं,
घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर चक्काजाम कर दिया,उनकी मांग है कि आरोपी जवान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और मृतकों के परिवार को मुआवजा दिया जाए,इस प्रदर्शन के कारण अस्पताल के पास वाहनों की लंबी कतार लग गई थी और क्षेत्र में तनाव बढ़ गया, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है पुलिस ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।



