Skip to content

मिनीमाता चौक पर लूट व बजरंगपारा में जानलेवा हमले की सुलझी गुत्थी,दो नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार,लूटा गया मोबाइल और बटन चाकू बरामद….

रायगढ़/रायगढ़ शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र में ओवरब्रिज के पास मिनीमाता चौक पर हुई लूट और बजरंगपारा में 17 वर्षीय किशोर पर जानलेवा हमले की दोहरी वारदात को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है,इस मामले में पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है,

जबकि उनके साथ घटना में शामिल बालिग आरोपी गणेश सारथी (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त बटन चाकू और लोहे का कड़ा बरामद कर लिया है,

पुलिस के अनुसार दोनों विधि से संघर्षरत बालकों ने 4 अक्टूबर की रात अपने साथियों के साथ मिलकर लूट और चाकूबाजी की दोनों घटनाओं को अंजाम दिया था। बालिग आरोपी गणेश सारथी केवल मारपीट व चाकूबाजी की घटना में शामिल था।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 4 अक्टूबर 2026 की रात महरापारा निवासी रितेश कुमार जैन (35 वर्ष) का ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग और मिनीमाता चौक के पास रेलवे पटरी के पास रास्ता रोका गया, दोनों नाबालिगों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी से गाली-गलौज और मारपीट की,

इसी दौरान नुकीले चाकू से रितेश के दाहिने सीने पर वार कर दिया गया और उनसे 300 रुपये नकद एवं वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूट लिया गया,इस मामले में जूटमिल थाने में अपराध क्रमांक 603/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया, इसके अलावा उसी रात करीब 8 बजे दोनों विधि से संघर्षरत बालकों ने आरोपी गणेश सारथी और एक अन्य साथी के साथ मिलकर बजरंगपारा निवासी 17 वर्षीय विनय जायसवाल से शराब के लिए पैसे की मांग की,

पैसे न मिलने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से उसके पेट में चाकू मार दिया गया,इस पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ नामजद अपराध क्रमांक 607/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की थी,

घटना की गंभीरता को देखते हुए जुटमील थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह की पुलिस टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू की,जांच में सामने आया कि पकड़े गए दोनों बालकों और गणेश सारथी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है तथा वे हत्या, हत्या के प्रयास, लूट व मारपीट जैसे मामलों में पहले भी संलिप्त रहे हैं,

जूटमिल पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, वहीं बालिग आरोपी गणेश सारथी को रिमांड पर भेजा जा रहा है, वही मामले में शामिल चार अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है,