रायगढ़/ जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया,बोईरदादर स्टेडियम से सुबह 8 बजे सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के. एवं एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने हरी झंडी दिखाकर स्वतंत्रता दौड़ को रवाना किया,

देशभक्ति के नारों के बीच बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों, नागरिकों और अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक दौड़ में सहभागिता की, स्वतंत्रता दौड़ में शामिल प्रतिभागी बोईरदादर स्टेडियम से चक्रधर चौक एवं सिग्नल चौक होते हुए वापस स्टेडियम पहुंचे, जहां दौड़ का समापन हुआ,
पूरे मार्ग में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिखाई दिया, पुलिस एवं यातायात व्यवस्था से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों, एनसीसी कैडेट्स तथा माय भारत के प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की,
इस अवसर पर सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के. ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के साथ स्वास्थ्य एवं फिटनेस का संदेश भी देती है,उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत और प्रगतिशील भारत के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकता है,
उन्होंने नशामुक्ति का संदेश देते हुए कहा कि नशा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, जबकि दौड़ और नियमित व्यायाम स्वस्थ जीवन के लिए लाभदायक हैं,युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल एवं व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया,
वही एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, स्वास्थ्य और युवा शक्ति का प्रतीक है,उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नागरिकों में राष्ट्र के प्रति गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं, उन्होंने सभी से देश की एकता और अखंडता के प्रति समर्पित होकर सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया,
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं, स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक युवा शक्ति ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है,
उन्होंने युवाओं से खेल, व्यायाम और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया,कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू ने आभार व्यक्त किया,
इस अवसर पर सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्रीमती प्रतिमा सागर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय पटेल, शिक्षक विकास रंजन सिन्हा, आलोक स्वर्णकार, पवन अग्रवाल, रोजगार अधिकारी रामजीत राम, सृष्टि अकैडमी के प्रशिक्षक विजय कुमार सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा स्टेडियम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे,
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था रायगढ़ में विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश का अवसर
16 से 18 अगस्त तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन…
रायगढ़ / शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, रायगढ़ में सत्र 2026 के लिए विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ हो रही है,इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन कर औद्योगिक प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगारपरक कौशल हासिल करने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं,
संस्था में विद्युतकार, फिटर, टर्नर, मोटर मैकेनिक, मशीनिष्ट, वायरमेन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, वेल्डर, फाउण्ड्रीमेन, वुड वर्क टेक्निशियन, सेक्रेटियल प्रेक्टिस (अंग्रेजी), फिजियोथेरेपी टेक्निशियन, आरएसी, ड्राइवर कम मैकेनिक, कोपा तथा असिस्टेंट टेक्निशियन ड्राई वॉल एंड फॉल सीलिंग सहित विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश दिया जाएगा,
प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 16 से 18 अगस्त तक संचालनालय के वेब पोर्टल cgiti-admissions.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं,अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय पोर्टल पर उपलब्ध आवश्यक दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक पालन करने की सलाह दी गई है,
प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता, व्यवसायवार जानकारी एवं अन्य आवश्यक विवरण संचालनालय के उक्त वेब पोर्टल पर उपलब्ध “एडमिशन गाइडलाइन्स 2026” में देखे जा सकते हैं,अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देशों का अवलोकन कर लें,
प्रवेश से संबंधित किसी भी प्रकार की विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, रायगढ़ के कार्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान उपस्थित होकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, संस्था प्रबंधन ने इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है,




