Skip to content

शादी के नाम पर जालसाजी और लूट का खेल, लुटेरी दुल्हन समेत तीन गिरफ्तार…

मध्यप्रदेश/मध्य प्रदेश के सागर जिले से शादी के नाम पर जालसाजी और लूट का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जैसीनगर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो सीधे-साधे लोगों को शादी का झांसा देकर उनसे लाखों रुपए और जेवरात ऐंठ लेता था,

पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए इस गिरोह की मुख्य आरोपी यानी लुटेरी दुल्हन समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है,गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है,

जानिए कौन-कौन हैं गिरोह में शामिल पुलिस की गिरफ्त में आए शातिर आरोपियों में लुटेरी दुल्हन रुक्मणी चतुर्वेदी (निवासी बिलासपुर, छत्तीसगढ़), उसका मुख्य साथी अरविंद विभार (निवासी अलवर, राजस्थान) और वारदात में इस्तेमाल कार का ड्राइवर सोनू अहिरवार (निवासी दमोह, मध्य प्रदेश) शामिल हैं,

यह गिरोह अलग-अलग राज्यों और जिलों में तालमेल बिठाकर ऐसे लोगों की तलाश करता था, जो किसी वजह से शादी के लिए परेशान हों, और फिर उन्हें अपना शिकार बनाता था, 3 दिन में उजड़ गया घर, इस पूरे मामले की शुरुआत महुआखेड़ा पेगवार के रहने वाले नोनीराम पटेल की शिकायत से हुई,

पीड़ित नोनीराम ने अपनी पहली पत्नी के निधन के बाद घर बसाने के लिए इस बिचौलिए गिरोह से संपर्क किया था,शादी तय कराने के एवज में गिरोह ने उससे 1.20 लाख रुपए ऐंठ लिए और रुक्मणी चतुर्वेदी से उसकी शादी करा दी, लेकिन पीड़ित की खुशियां ज्यादा दिन नहीं टिक सकी,

शादी के महज तीसरे ही दिन नई-नवेली दुल्हन रुक्मणी घर में रखे 30 हजार रुपए नगद, चांदी के कीमती जेवर और सोने का मंगलसूत्र समेटकर रफूचक्कर हो गई, बिलासपुर से दबोची गई दुल्हन जब पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ, तो उसने तुरंत जैसीनगर थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और मामला दर्ज कराया, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया,

मुखबिर से मिली सटीक लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दबिश दी और आरोपी रुक्मणी चतुर्वेदी को धर दबोचा,उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने अपने बाकी साथियों के नाम उगल दिए,

जिसके बाद राजस्थान के अरविंद और दमोह के सोनू अहिरवार को भी गिरफ्तार कर लिया गया, आरोपियों ने कबूला अपना गुनाह पुलिस की कड़ी पूछताछ के आगे तीनों आरोपियों की चालाकी काम न आई और उन्होंने शादी का झांसा देकर चोरी और ठगी करने की बात स्वीकार कर ली,

थाना प्रभारी जे.पी. ठाकुर का कहना है कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह हो सकता है, फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है, कि इस लुटेरी दुल्हन और उसके साथियों ने मध्य प्रदेश या अन्य पड़ोसी राज्यों में अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है, आने वाले दिनों में इस गिरोह से कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है,