बिलासपुर / बिलासपुर शहर के नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में तड़के हुई सनसनीखेज घटना ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया, संस्थान में रात्रि ड्यूटी पर तैनात चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई,
घटना के बाद वहां निरुद्ध चार अपचारी बालक फरार हो गए, इस वारदात ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं,

मिली जानकारी के अनुसार बीती देर रात करीब 11 बजे चार बाल अपचारियों ने कथित रूप से चौकीदार पर हमला किया, आरोप है कि पहले उनके साथ मारपीट की गई, फिर हाथ-पैर गमछे से बांधकर गला दबाया गया और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया।
इसके बाद चारों बाल अपचारी मौके से फरार हो गए, मृतक की पहचान तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे के रूप में हुई है,वह पिछले लगभग एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे,
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया,फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार फरार चारों बाल अपचारियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है, पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि फरार बाल अपचारियों में तीन रायगढ़ और एक कोरबा जिले का रहने वाला है, अनौपचारिक जानकारी के मुताबिक इनमें से एक की उम्र 20 वर्ष पूरी होने के कारण उसे जेल शिफ्ट किया जाना था,हालांकि इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने अभी नहीं की है,
फिलहाल सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बाल अपचारियों की तलाश तेज कर दी है,साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।




