Skip to content

जंगल में चल रही अवैध शराब भट्टी पर पुलिस की दबिश, 65 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार–

रायगढ़ / रायगढ़ शहर के चक्रधरनगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के ग्राम नटवरपुर के जंगल में चल रही अवैध शराब भट्टी पर दबिश देकर  65 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, आरोपी महुआ शराब का निर्माण एवं बिक्री करते रंगे हाथ पकड़े गए है और अब इनपर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है,


दरअसल चक्रधर नगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा को मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम नटवरपुर के जंगल में कुछ लोग अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का निर्माण कर बिक्री की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया, पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दो व्यक्तियों को पकड़ा, जिन्होंने अपना नाम फुल सिंह धनवार (25 वर्ष) एवं दुआरू धनवार (40 वर्ष) निवासी ग्राम नटवरपुर, थाना चक्रधरनगर बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी फुल सिंह धनवार के कब्जे से दो धातु के बर्तनों एवं एक प्लास्टिक जरीकेन में भरी 35 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा आरोपी दुआरू धनवार के कब्जे से एक बड़े ट्यूब में भरी 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इस प्रकार कुल 65 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 13,000/- है, जब्त की गई।

पूछताछ में दोनों आरोपी शराब का निर्माण एवं बिक्री करना स्वीकार किए तथा उसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर थाना चक्रधरनगर में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है,

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दिलीप भानु, प्रधान आरक्षक रविकिशोर साय एवं आरक्षक संदीप कौशिक, चन्द्र कुमार बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।