रायगढ़ /रायगढ़ रेलवे स्टेशन और एक एक्सप्रेस ट्रेन में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, एक मामले में महिला यात्री का सोने का मंगलसूत्र भीड़ का फायदा उठाकर चोरी कर लिया गया,
जबकि दूसरे मामले में ट्रेन में सफर कर रहे यात्री का लैपटॉप और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग गायब हो गया,दोनों मामलों में जीआरपी ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है,रेलवे पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए स्टेशन और ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पहली घटना रायगढ़ रेलवे स्टेशन की है,शहर के चांदनी चौक धोबीपारा निवासी बृहस्पति बाई बरैठ अपनी बेटी के साथ अकलतरा जाने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेन का इंतजार कर रही थीं।
बिलासपुर-रायगढ़ मेमू ट्रेन आने के बाद दोनों जनरल कोच में सवार हुईं,कोच में भारी भीड़ थी कुछ समय बाद महिला ने जब अपने गले में हाथ लगाया तो उनका सोने का मंगलसूत्र गायब था।
महिला के अनुसार मंगलसूत्र करीब 4 ग्राम वजनी और लगभग 30 हजार रुपये कीमत का था, बताया जा रहा है कि यह मंगलसूत्र 15 से 20 साल पुराना था,आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात चोर ने भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
वही दूसरी घटना बलसाड़-पुरी एक्सप्रेस में से सामने आई ओडिशा के सिंदरिया गांव निवासी शेख इमामुद्दीन (34) भुवनेश्वर से बिलासपुर की यात्रा कर रहे थे, उन्होंने बताया कि वह बी-1 कोच की सीट नंबर 18 पर सफर कर रहे थे और अपना बैग टेबल के नीचे रखकर सो गए थे।
सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे नींद खुलने पर बैग गायब मिला,उस समय ट्रेन रायगढ़ स्टेशन से आगे निकल चुकी थी,बैग में लैपटॉप, पर्स, दो क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड समेत करीब 45 हजार रुपये मूल्य का सामान रखा हुआ था।
दोनों पीड़ितों ने जीआरपी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है,जीआरपी थाना प्रभारी बीआर बोर्झा ने बताया कि दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है,
पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर जांच कर रही है,रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
ट्रेनों में हो रही लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बाद रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपने सामान और कीमती वस्तुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है,
विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले कोच और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।




