प्रभारी मंत्री ने किया कोसमनारा में 23.03 करोड़ रुपये की लागत से उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र का भूमिपूजन,
रायगढ़ / प्रदेश के कृषि मंत्री एवं रायगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम ने आज जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान ग्राम कोसमनारा में 23 करोड़ 03 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, 100 सीटर बालक छात्रावास तथा 100 सीटर बालिका छात्रावास भवन का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर ग्राम पटेलपाली स्थित फल-सब्जी मंडी परिसर में 4 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न अधोसंरचना कार्यों का लोकार्पण भी किया गया,कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम ने अपने उद्बोधन की शुरुआत जय मां चंद्रहासिनी के जयघोष से की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन तिहार के माध्यम से शासन गांव-गांव पहुंचकर आम जनता की समस्याओं का समाधान कर रहा है। मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी सीधे ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रायगढ़ में उद्यानिकी महाविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों और युवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह संस्थान आधुनिक कृषि एवं उद्यानिकी शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां से प्राप्त ज्ञान और तकनीक किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।
प्रभारी मंत्री श्री नेताम ने किसानों से जैविक खेती को अपनाने तथा गोबर खाद एवं जैविक उर्वरकों के अधिकाधिक उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है।
इसलिए प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई गई है तथा खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए जिला स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रायगढ़ लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कोसमनारा में स्थापित होने वाला उद्यानिकी महाविद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराएगा तथा कृषि आधारित रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देगा।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित कृषि शिक्षा से किसान नई जानकारी प्राप्त कर अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगे। सांसद श्री राठिया ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रदेश सरकार तथा वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी के विशेष प्रयासों से रायगढ़ जिले को यह महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं कृषि अधोसंरचना की सौगात प्राप्त हुई है। इससे क्षेत्र में कृषि शिक्षा, अनुसंधान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में नगर कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




