Skip to content

तेज आंधी-तूफान के कारण बिजली विभाग को लाखों का नुकसान,विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मरम्मत में लगे रहे रात भर…

रायगढ़ /रायगढ़ जिले में शहर व आसपास क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान के कारण कई बड़े पेड़ बिजली खंभों पर गिर गए, जिससे लगभग 50 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए, बिजली तार भी जगह-जगह टूट गए थे, इस वजह से विद्युत व्यवस्था ठप पड़ गई थी रात भर विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मरम्मत में जुटे रहे।

शहर में कुछ क्षेत्रों में रात को ही बिजली व्यवस्था बहाल कर दी गई थी,वही शुक्रवार को भी सुधार कार्य किया गया,तेज अंधड़ की वजह से बिजली विभाग को लगभग 12 से 15 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

दरअसल बीते गुरुवार को दिन भर रही भीषण गर्मी के बाद शाम को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश भी हुई। तकरीबन 15 से 20 मिनट तक चले अंधड़ ने रायगढ़ शहर सहित आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी तबाही मचाई कि कई मकानों का टीन शेड व होर्डिंग एवं फ्लैक्सी उड़ गए तो वहीं कई क्षेत्रों में बड़े पेड़ उखड़ कर बिजली खंभों पर गिर गए।

वहीं टिन शेड एवं फ्लैक्सी भी कुछ क्षेत्रों में बिजली के तारों पर गिरने से विद्युत व्यवस्था पुरी तरह से ठप पड़ गई थी, शहरी क्षेत्र में कोतरा रोड, रामभांठा, मौदहापारा, इंदिरा नगर, उर्दना व नगर निगम कार्यालय के पास पेड़ गिरने तथा टीन के शेड उड़ कर तारों पर गिरने से बिजली के खंबे क्षतिग्रस्त हो गए थे। ग्रामीण क्षेत्र में खासकर पूर्वांचल में ज्यादा असर दिखाई दिया।

बताया जा रहा है कि संबलपुरी से तिलगा, भगोरा होते हुए कोतरलिया, महापल्ली व लोईंग क्षेत्र काफी प्रभावित हुआ था और इन क्षेत्रों में भी पेड़ गिरने से लगभग 20 से 25 बिजली खंबे क्षतिग्रस्त हो गए थे, इन क्षेत्रों में रात भर ब्लैक आऊट की स्थिति रही,

हालांकि आंधी के थमते ही विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी सुधार कार्य में जुट गए थे, ग्रामीण क्षेत्र में सुबह तक बिजली की सप्लाई शुरू हो पाई थी, तार जोडऩे के बाद भी फाल्ट आने के कारण शुक्रवार को भी दिन भर सुधार कार्य चलता रहा,

बताया जा रहा है कि केवल उर्दना पुलिस लाईन में ही दो नग 11 केवी के और 15 नग एलटी विद्युत पोल टूटे हैं, विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार शहर व ग्रामीण क्षेत्र में लगभग 50 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं तथा कई जगह से तार भी टूट जाने की वजह से विभाग को लगभग 12 से 15 लाख रुपए तक की क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है,