Skip to content

पन्द्रह मिनट की आंधी ने शहर में जमकर मचाई तबाही,शहर के कई इलाके रहे ब्लेक-आउट…

रायगढ़। रायगढ़ शहर में नौतपा की प्रचंड गर्मी से कल शाम थोड़ी सी राहत मिली, जब आंधी के साथ बारिश ने हवा में ठंडक घोल दी, लेकिन अचानक आये इस तेज आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई,तेज आंधी-तूफान में जगह जगह पेड़ गिरने और टहनियां टूटने से मुश्किल बढ़ गई,पूरे शहर में बिजली आपूर्ति में रुकावट आ गई,देर रात तक मरम्मत का काम चलता रहा,

कल शाम को आये तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया,आंधी इतनी तेज थी कि कई पुराने पेड़ उखड़ गए, टहनियां टूटकर बिजली तारों पर गिर गई, कन्या छात्रावास केवड़ाबाड़ी के सामने पेड़ तार पर गिर गया जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, पेड़ को काटकर निकालने के बाद ही लाइन रिपेयरिंग हो सकती है।

इसी तरह गोपी टॉकीज रोड में सेल स्पॉट दुकान के ऊपर लगा शेड गिर गया, जनपद पंचायत रायगढ़ परिसर में भी पेड़ गिरा,केलो पुल से सिग्नल चौक के बीच डिवाइडर पर लगे कई पेड़ टूटकर रोड पर गिर गए,

ढिमरापुर क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया, यहां होटल श्रेष्ठा के पास चलते स्कॉर्पियो सीजी 13 सीए 0389 में पेड़ गिर गया,गाड़ी में बैठे लोग बाल-बाल बच गए,इस घटना में स्कॉर्पियो पूरी तरह से पिचक गई, पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को हटाने का काम किया गया।

इसी तरह नगर निगम के सामने भी पेड़ गिर गया। इससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।जिंदल रोड में ही एक बड़ा हादसा हो गया, विष्णुभोग फैक्ट्री के सामने पेड़ बिजली तार पर गिरा, इससे बिजली खंभे भी उखड़ कर रोड पर गिरे।

बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ-साथ यातायात भी रुक गया,क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। अब नया खंभा लगाने के बाद तार खींचा जाएगा, तभी बिजली आपूर्ति बहाल होगी। बिजली विभाग की अलग-अलग टीमें शहर में मरम्मत कार्य में लगी रही।

आंधी के साथ बारिश ने रायगढ़ का तापमान एकाएक 4 डिग्री तक गिरा दिया। शाम को भी गर्म हवा के थपेड़े लोगों का जीना मुहाल कर रहे थे, लेकिन गुरुवार शाम को मौसम सुहाना हो गया। इस सप्ताह रोजाना आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार 30 मई को भी बारिश की संभावना है। अगले तीन-चार दिन तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट का अनुमान है। बारिश के कारण नमी बढ़ जाएगी जिससे उमस होगी।