रायगढ़ / रायगढ़ शहर में रिंग रोड के लिए अब कई फ्लाईओवर की योजना बनाई जा रही है,दो एनएच को जोड़ने वाले सबसे व्यस्त छातामुड़ा चौक में भी नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया एक फ्लाईओवर की योजना बना रहा है, बीते दिनों रीजनल ऑफिस में हुई बैठक में चर्चा हुई,झारसुगुड़ा और खरसिया की ओर एनएच के बीच में ही निर्माण किया जाएगा।

शहर से निकलते समय छातामुड़ा चौक पर हमेशा भारी वाहनों की रेलमपेल लगी रहती है,इसमे चारों रोड से ट्रेलर और ट्रकों की आवाजाही होती है,रायगढ़ की तरफ कबीर चौक के पास एफसीआई के दो गोदाम हैं,यहां दिनरात चावल से भरे ट्रकों की आवाजाही चलती है,झारसुगुड़ा की ओर से भी कोयला और फ्लाई एश के ट्रेलर निकलते हैं।
इसी तरह बिलासपुर की ओर से भी ट्रेलरों की लंबी कतार लगी रहती है जो सारंगढ़ की ओर या झारसुगुड़ा की तरफ जाते हैं,कोई भी ट्रेलर किसी भी दिशा में मुड़ सकता है,इसके बीच में बाइक और कार सवारों को निकलने में मशक्कत करनी पड़ती है,सारंगढ़ बस स्टैंड से निकलने वाली बसें भी इसी चौक पर गुत्थमगुत्था होती हैं।
कई हादसे इस जगह पर हो चुके हैं जिसमें मौके पर ही मौत हो गई है, इस तरह के हादसों से बचने और भारी वाहनों को बिना रुके निकालने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया एक फ्लाईओवर ब्रिज की योजना बना रहा है,खरसिया से झारसुगुड़ा के बीच एनएच 49 पर छातामुड़ा चौक के ऊपर से ओवरब्रिज बनाया जाएगा, रायगढ़ शहर की ओर आने वाली गाडिय़ां आसानी से ओवरब्रिज के नीचे से निकल जाएंगी।
एनएचएआई ने एनएच 49 में छातामुड़ा चौक के ऊपर से ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है,यहीं पर पीडब्ल्यूडी सेतु भी एक फ्लाईओवर बनाने की तैयारी में था जो शहर की ओर से उधर सारंगढ़ रोड की तरफ उतरता अब यह ओवरब्रिज नहीं बन पाएगा क्योंकि एनएचएआई एनओसी नहीं देगा। इस पर चर्चा चल रही है कि दोनों ओवरब्रिज ऊपर एक दूसरे को क्रॉस करें।




