रायगढ़/ रायगढ़ जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी से बचने के प्रयास किए जा रहे हैं, होटलों और रेस्टोरेंट में तो कमर्शियल सिलेंडर खत्म हो चुके हैं,वही अब बुकिंग और डिलीवरी के नियम भी बदल चुके हैं, ऑयल कंपनियों ने ऑनलाइन बुकिंग के सभी पुराने नंबर बंद कर दिए हैं,अब एक रिफिल की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही दूसरा सिलेंडर रिफिल मिलेगा।

ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच युद्ध का असर अब व्यापक होने लगा है, सरकार ने कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति रोककर केवल घरेलू सिलेंडरों पर ही फोकस किया है, बताया जा रहा है कि गैस एजेंसियों में सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में हैं, और कालाबाजारी से बचने के लिए कंपनियों ने सबसे बड़ा बदलाव बुकिंग और आपूर्ति को लेकर किया है।
पहले एक ऑनलाइन नंबर होते थे जिस पर रिफिल बुकिंग ली जाती थी,इसके बाद डीएसी और इनवॉइस जेनरेट होता था, फिर उपभोक्ता के एड्रेस पर डिलीवरी होती थी, लेकिन अब व्यवस्था बदल गई है कंपनियों ने ऑनलाइन सिस्टम ही बंद कर दिया है, इसमें भी एक शर्त जोड़ दी गई है।
किल्लत होने की आशंका को देखते हुए एक ही कनेक्शन पर दो सिलेंडरों के बीच 25 दिन का अंतर अनिवार्य कर दिया है, मतलब एक सिलेंडर डिलीवर हुआ तो उसके 25 दिन बाद ही दूसरा सिलेंडर मिलेगा, ग्रामीण क्षेत्रों में यही अंतर 45 दिनों का रखा गया है।
इस मामले में अब खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने आदेश जारी किया है, गैस एजेंसियों से प्रतिदिन डिलीवरी और बुकिंग की जानकारी ली जाएगी,कमर्शियल सिलेंडरों का उपयोग केवल जरूरी सेवाओं अस्पताल, शैक्षणिक संस्थाओं आदि में ही किया जाएगा।
व्यावसायिक प्रतिष्ठान में एक समय में 100 किलो से अधिक गैस भंडारित नहीं की जा सकेगी, होटल, रेस्टोरेंट, व्यावसायिक प्रतिष्ठान व शादी घरों में खाने के मैन्यु को संक्षिप्त रखने को कहा गया है साथ ही वैकल्पिक उपाय डीजल स्टोव, इलेक्ट्रिक इंडक्शन, लकड़ी और गोबर के कंडों का उपयोग करने का निर्देश है।




