Skip to content

एनटीपीसी लारा-800-800 मेगावाट की दो इकाइयाँ के लिए पर्यावरण स्वीकृति प्रक्रिया के तहत होगा जनसुनवाई आयोजन…

रायगढ़/रायगढ़ जिले के पुसौर क्षेत्र में स्थापित एनटीपीसी लारा सुपर थर्मल पावर परियोजना अब रिकॉर्ड क्षमता उत्पादन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाने जा रही है,इस परियोजना में दो नई इकाइयों की स्थापना की योजना बनाई गई है, जिसके लिए पर्यावरणीय स्वीकृति की प्रक्रिया के तहत जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।

मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में एनटीपीसी लारा परियोजना के प्रथम चरण में 800-800 मेगावाट की दो इकाइयाँ स्थापित हैं, जबकि दूसरे चरण में भी समान क्षमता की इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इसी क्रम में तीसरे चरण के अंतर्गत दो और इकाइयों की स्थापना का प्रस्ताव कंपनी द्वारा प्रस्तुत किया गया है।

प्रस्ताव पर आगे की प्रक्रिया के लिए राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण द्वारा जिला प्रशासन को जनसुनवाई आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं,प्रस्तावित विस्तार के तहत क्षेत्र में बिजली उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। इससे न केवल राष्ट्रीय ग्रिड को अतिरिक्त बिजली उपलब्ध होगी बल्कि क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि परियोजना के विस्तार के लिए आवश्यक भूमि और अन्य संसाधनों को लेकर पूर्व में भी विभिन्न चरणों में अधिग्रहण और प्रक्रियाएं पूरी की जा चुकी हैं,आगामी जनसुनवाई में स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के सुझाव और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी, जिसके बाद पर्यावरणीय स्वीकृति की आगे की प्रक्रिया तय होगी।