Skip to content

फरार क्रिकेट सट्टा खाईवाल गगन अग्रवाल गिरफ्तार,  चक्रधरनगर पुलिस एक माह से कर रही थी तलाश…

रायगढ़ / रायगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार क्रिकेट सट्टा खाईवाल गगन अग्रवाल को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है,ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मामले में फरार चल रहे आरोपी की चक्रधरनगर पुलिस कर रही थी तलाश, जिसे शहर बैंक कॉलोनी हिमालया हाइट्स के पास से पुलिस ने धर दबोचा, आरोपी के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा से संबंधित अपराध दर्ज था और पुलिस को उसकी करीब एक महीने से तलाश थी।

आरोपी से मोबाइल फोन जब्त, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के अपराध में पुलिस ने भेजा न्यायिक रिमांड पर, दरअसल बीते 16 फरवरी को मुखबिर की सूचना  पर थाना चक्रधरनगर एवं साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम द्वारा बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्याम फिनाइल उद्योग में छापेमारी कर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते दो सट्टा खाईवालों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था,

पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर विकास अग्रवाल नामक व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से क्रिकेट वर्ल्ड कप के इंग्लैण्ड और इटली के मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर रेड कार्रवाई की, जहां विकास अग्रवाल और उसके साथी विनय अग्रवाल फैक्ट्री के एक कमरे में बैठकर तीन मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पाए गए,

पूछताछ में आरोपी विकास अग्रवाल ने अपने साथी विनय अग्रवाल तथा खरसिया निवासी गगन अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा खाईवाल का काम करना स्वीकार किया,आरोपी विकास अग्रवाल के कब्जे से वन प्लस मोबाइल और एप्पल आईफोन जब्त किए गए, जिनका उपयोग सट्टा संचालक गगन अग्रवाल तथा सट्टा खेलने वालों से संपर्क करने में किया जा रहा था। 

इसके अलावा उसके पास से सट्टा से प्राप्त 2000/- नगद भी बरामद किया गया, वहीं आरोपी विनय अग्रवाल के कब्जे से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया, जिसमें ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट लॉगइन मिला। आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 52/2026 धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई थी। आरोपियों से पूछताछ में आरोपी गगन अग्रवाल और सट्टा पट्टी के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में अहम जानकारी मिली है,

घटना के बाद से सट्टा संचालक गगन अग्रवाल फरार था जिसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी, इसी दौरान कल शाम चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी गगन को उसके ससुराल आने की सूचना पर हिमालया हाइट्स बैंक कॉलोनी के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया,आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल जब्त किया गया है, गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है,प्रकरण में अन्य आरोपियों की सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है । 

इस कार्रवाई में निरीक्षक राकेश मिश्रा और उप निरीक्षक गेंद लाल साहू और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।