Skip to content

टोल टैक्स बचाने तथा विभिन्न स्थानों पर प्रभाव जमाने के लिए वो बन गया था CID अधिकारी,पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी आईडी कार्ड, वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री की जब्त…

धमतरी /टोल टैक्स बचाने तथा विभिन्न स्थानों पर अपना प्रभाव जमाने के लिए वो CID अधिकारी बन करघूम रहा था, पर ये दांव उसी पर भारी पड़ गया,जब उसका पाला खाखी से पडा, दरअसल खुद को ‘CID अधिकारी’ बताकर आम लोगों पर रौब झाड़ने, डराने-धमकाने और अवैध लाभ लेने की कोशिश करने वाले एक युवक को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

आरोपी फर्जी पहचान पत्रों का उपयोग कर रहा था और अपनी महिंद्रा स्कार्पियो पर NATIONAL CRIME CONTROL ORG. का बोर्ड लगाकर घूमता था,पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी आईडी कार्ड, वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है, पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सतत निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 21 फरवरी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में स्कार्पियो वाहन (CG 05 AU 6136) खड़ा कर स्वयं को CID अधिकारी बताकर लोगों पर धौंस जमा रहा है। वाहन पर “VICE PRESIDENT C.G. NATIONAL CRIME CONTROL ORG. ALL INDIA” लिखा बोर्ड और लोगो लगा हुआ था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की।

पूछताछ में उसने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी (28 वर्ष), निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो कथित पहचान पत्र बरामद हुए, जिन पर “Crime Investigation Department” और “Crime Investigation Detective” अंकित था।

दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच में ये पहचान पत्र फर्जी पाए गए। जब पुलिस ने आरोपी से किसी शासकीय एजेंसी या वैधानिक नियुक्ति से संबंधित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने को कहा, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सितंबर 2025 में फर्जी आईडी कार्ड बनवाए थे।

उसने बताया कि वह ऑनलाइन भुगतान कर इन कार्डों की कथित वैधता बढ़वाता था और इन्हीं के आधार पर टोल टैक्स से बचने तथा विभिन्न स्थानों पर प्रभाव जमाने का प्रयास करता था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 02 फर्जी आईडी कार्ड, “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” लिखा बोर्ड, महिंद्रा स्कार्पियो वाहन CG 05 AU 6136, iPhone 11 Pro (जियो सिम सहित) तथा सैमसंग M12 मोबाइल (जियो व बीएसएनएल सिम सहित) जब्त किए हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा फर्जी पहचान बनाकर स्वयं को सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताने और आम नागरिकों को भ्रमित कर अवैध लाभ लेने का प्रयास प्रथम दृष्टया सिद्ध हुआ है। मामले में थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 66/2026 के तहत धारा 204, 205, 336(3) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

आरोपी को 21 फरवरी की रात विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रकरण के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि फर्जी आईडी कार्ड तैयार करने और उपयोग में अन्य कौन-कौन लोग संलिप्त हैं। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित धाराओं में वृद्धि और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।